
नारी डेस्क : बॉलीवुड के मशहूर गायक कुमार सानू के बेटे और 'बिग बॉस 14' के पूर्व कंटेस्टेंट जान कुमार सानू इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। जान कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं और उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को इस बात की जानकारी दी है। अस्पताल से शेयर किए गए उनके वीडियो के बाद फैंस काफी चिंतित हैं और लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अस्पताल से शेयर किया वीडियो
जान कुमार सानू ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अस्पताल से एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में वह अस्पताल के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपनी तबीयत के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन पोस्ट के कैप्शन ने सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, चीन से आया मेरा दोस्त... कोविड को सलाम करो। वीडियो में जान कुछ बोलते हुए नजर नहीं आते, लेकिन उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। हजारों लोगों ने कमेंट कर उनके जल्द ठीक होने की दुआ की और उन्हें अपना ख्याल रखने की सलाह दी।

देश में फिर बढ़ रहे हैं कोविड के मामले
जान कुमार सानू ऐसे समय कोविड-19 की चपेट में आए हैं, जब देश के कई राज्यों में संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में आंध्र प्रदेश सहित कुछ राज्यों में कोविड के नए केस दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से सावधानी बरतने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील कर रहा है।
बिग बॉस 14 से मिली थी खास पहचान
जान कुमार सानू को साल 2020 में प्रसारित हुए लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस 14' से देशभर में पहचान मिली थी। शो में उनके शांत स्वभाव और सादगी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। वह लंबे समय तक घर में टिके रहे और अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहे।

कुमार सानू की पहली पत्नी के बेटे हैं जान
जान कुमार सानू मशहूर पार्श्व गायक कुमार सानू और उनकी पहली पत्नी रीता भट्टाचार्य के बेटे हैं। कुमार सानू और रीता भट्टाचार्य की शादी वर्ष 1980 में हुई थी, लेकिन दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और साल 1994 में उनका तलाक हो गया। जान कुमार सानू कई इंटरव्यू में बता चुके हैं कि जब उनके माता-पिता अलग हुए, तब उनकी मां छह महीने की गर्भवती थीं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां ने अकेले ही उनका पालन-पोषण किया और जीवन के हर कठिन दौर में उनका साथ दिया। यही वजह है कि जान अपनी मां को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा और ताकत मानते हैं।
फैंस कर रहे हैं जल्द स्वस्थ होने की दुआ
जान कुमार सानू की तबीयत को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनके प्रशंसक काफी चिंतित हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सभी को उम्मीद है कि जान जल्द ही पूरी तरह ठीक होकर अपने घर लौटेंगे और एक बार फिर अपने फैंस के बीच नजर आएंगे।