
नारी डेस्क: गुजरात के सूरत से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पेरेंट्स की चिंताएं बढ़ा दी है। सूरत में एक मेडिकल स्टोर के मालिक पर जानवरों के लिए बने टॉनिक को दोबारा पैक करके, उसे बच्चों की दवा बताकर दोगुनी कीमत पर बेचने का आरोप है। इस मामले ने जनस्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्होंने यह दवा खरीदी है और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या हुई है, तो वे तुरंत जरूरी इलाज कराएं।
यह भी पढ़ें: अब भारत में नहीं रह सकते आमिर खान के भांजे इमरान खान, देश छोड़ने का नोटिस जारी
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त (DCP) ने बताया कि सूरत स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप और खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (Food and Drugs Control Administration) की एक टीम ने मंगलवार को शहर के गोपीपुरा इलाके में स्थित शांतिनाथ मेडिकल स्टोर पर छापा मारा और इसके मालिक मोहम्मद साजिद इब्राहिम मुल्ला (51) को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि आरोपी ने जानवरों के लिए बने 'हिमालय लिव.52 प्रोटेक लिक्विड वेटरनरी फीड सप्लीमेंट' (Himalaya Liv.52 Protec Liquid Veterinary Feed Supplement) के बड़े कैन से लिक्विड निकालकर उसे 60 ml और 100 ml की छोटी बोतलों में भर दिया।
दोगुनी कीमत पर बेचता था नकली दवा
पुलिस के अनुसार उसने इन बोतलों पर 'हिमालय लिव.52 ड्रॉप्स' (Himalaya Liv.52 Drops) - जो बच्चों के लिए एक उत्पाद है के नकली लेबल लगा दिए, ताकि लोग इसे बच्चों की दवा समझकर खरीद लें। DCP ने बताया- "वह हिमालय लिव.52 प्रोटेक लिक्विड वेटरनरी फीड सप्लीमेंट के एक लीटर और पांच लीटर वाले बड़े कैन से लिक्विड निकालकर उसे 60 ml और 100 ml की बोतलों में भरता था। इसके बाद वह इन बोतलों पर 'हिमालय लिव.52 ड्रॉप्स' के नकली लेबल लगा देता था।" उन्होंने बताया कि आरोपी इस उत्पाद को इसकी असली कीमत से दोगुनी कीमत पर बेचता था। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 31,195 रुपये मूल्य का सामान और अन्य चीजें जब्त की हैं।
यह भी पढ़ें: अपनी सेहत को लेकर ज्यादा लापरवाह हैं पुरुष, 10 में से 6 को नहीं है इस खतरनाक कैंसर की जानकारी
पुलिस ने ग्राहको को किया अलर्ट
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 123 (जहर के जरिए नुकसान पहुंचाना), 125 (मानव जीवन को खतरे में डालने वाला लापरवाहीपूर्ण कृत्य), 336 (जालसाजी), और 278 (एक दवा को दूसरी दवा बताकर बेचना) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी है कि किसी भी मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के बाद वे अपने डॉक्टर से उसकी असलियत और गुणवत्ता की जांच जरूर करवा लें और दवा का सेवन ठीक उसी तरह करें।