नारी डेस्क : टेक्नोलॉजी जहां हमारी जिंदगी को आसान बना रही है, वहीं कभी-कभी इससे जुड़े खतरे भी सामने आ जाते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल एक पोस्ट ने लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया है। एक यूजर ने दावा किया कि उसके कान में ही ईयरबड फट गया, जिसके बाद इंटरनेट पर “New Fear Unlocked” ट्रेंड करने लगा।
क्या है पूरा मामला?
राजस्थान के एक यूजर ने पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि वह JBL Tune Beams 2 का इस्तेमाल कर रहा था। तभी अचानक दाहिने कान में लगा ईयरबड तेज आवाज के साथ फट गया। यूजर के अनुसार, वह सिर्फ 15 मिनट से ईयरबड इस्तेमाल कर रहा था, वॉल्यूम सामान्य था। अचानक बड्स से ड्रिलिंग जैसी आवाज आई और कुछ ही सेकंड में ईयरबड फट गया। इस घटना के बाद उसके कान में दर्द और सूजन की समस्या हो गई।

मेडिकल रिपोर्ट में क्या खुलासा?
यूजर ने एक सरकारी अस्पताल की पर्ची भी साझा की है, जिसमें दर्ज है। दाहिने कान में ईयरफोन फटने की पुष्टि। TM झिल्ली (Tympanic Membrane) में सूजन, कोई गंभीर चोट नहीं, लेकिन इलाज जरूरी है। डॉक्टरों ने एंटीबायोटिक दवाएं दी हैं और लगभग 7 दिनों में आराम मिलने की बात कही है।
कंपनी JBL का जवाब
मामला वायरल होने के बाद कंपनी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। JBL ने कमेंट कर कहा, हमें इस स्थिति की जानकारी देने के लिए धन्यवाद। हमने आपकी पोस्ट को भारत में अपनी टीम के साथ साझा किया है, जो आपसे जल्द संपर्क करेगी। कंपनी ने मामले की जांच का भरोसा दिया है।
गिफ्ट में मिले थे ईयरबड्स
यूजर ने बताया कि यह ईयरबड्स उसे उसकी बहन ने गिफ्ट किए थे।
मॉडल: JBL Tune Beams 2
कीमत: करीब ₹5500
खरीद: लगभग 1 महीना पहले

सोशल मीडिया पर बढ़ा डर
इस घटना के बाद इंटरनेट यूजर्स के बीच चिंता बढ़ गई है। कई लोगों ने इसे “New Fear Unlocked” बताते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी, अब ईयरबड्स लगाना भी रिस्की लग रहा है, हेडफोन ज्यादा सुरक्षित लगते हैं, ऐसे केस पहले कभी नहीं सुने।
क्या सच में खतरनाक हो सकते हैं ईयरबड्स?
क्या सच में ईयरबड्स खतरनाक हो सकते हैं? विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामले बेहद दुर्लभ होते हैं, लेकिन कुछ स्थितियों में जोखिम बढ़ सकता है। उदाहरण के लिए, अगर डिवाइस की बैटरी ओवरहीट हो जाए या उसमें कोई तकनीकी खराबी आ जाए, तो समस्या पैदा हो सकती है। इसके अलावा नकली या खराब क्वालिटी के प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से भी खतरा बढ़ जाता है। लंबे समय तक लगातार ईयरबड्स का उपयोग करना भी कानों और डिवाइस दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।

कैसे रखें खुद को सुरक्षित?
हमेशा ओरिजिनल और भरोसेमंद ब्रांड के प्रोडक्ट खरीदें
लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल से बचें
चार्जिंग के दौरान ईयरबड्स का इस्तेमाल न करें
अगर डिवाइस असामान्य गर्म लगे, तो तुरंत हटाएं।
फिलहाल यह मामला एक यूजर के दावे पर आधारित है, जिसकी जांच कंपनी कर रही है। लेकिन इस घटना ने लोगों के बीच एक नया डर जरूर पैदा कर दिया है। ऐसे में जरूरी है कि हम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल समझदारी और सावधानी के साथ करें।