01 JUNMONDAY2026 2:44:31 PM
Life Style

एकतरफा प्यार की सनक में डेढ़ साल के भतीजे को पटक कर मार डाला, CCTV में कैद हुई क्रूरता

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 01 Jun, 2026 10:12 AM
एकतरफा प्यार की सनक में डेढ़ साल के भतीजे को पटक कर मार डाला, CCTV में कैद हुई क्रूरता

नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक युवक ने कथित तौर पर एकतरफा प्यार की सनक में अपने ही रिश्तेदार के डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके के लोग भी इस क्रूर वारदात से स्तब्ध हैं।

परिवार में पहले से चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, रति नाम की महिला की शादी बदायूं निवासी सुमित से हुई थी। हालांकि पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते रति अपनी मां के साथ रह रही थी। इसी बीच वह अपने नाना के घर भी गई हुई थी और हाल ही में परिवार के साथ शिकोहाबाद आई थी। परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक विराज पाठक रिश्ते में रति का देवर लगता है। बताया जा रहा है कि वह रति को पसंद करता था और एकतरफा लगाव रखता था। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था।

चॉकलेट दिलाने के बहाने बच्चे को ले गया बाहर

घटना वाले दिन आरोपी घर पहुंचा और परिवार के लोगों से सामान्य तरीके से मिला। कुछ देर बाद उसने डेढ़ वर्षीय आरव को चॉकलेट दिलाने का बहाना बनाया और उसे गोद में उठाकर घर से बाहर ले गया। परिवार के लोगों को शुरुआत में किसी तरह का शक नहीं हुआ क्योंकि आरोपी रिश्तेदार था। लेकिन कुछ ही देर बाद जो हुआ, उसने सभी को सदमे में डाल दिया।

CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली वारदात

बताया जा रहा है कि घर के बाहर गली में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी मासूम बच्चे को जमीन पर कई बार पटकता हुआ दिखाई दिया। इस निर्मम हमले में बच्चे को गंभीर चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों को जब बच्चे की हालत का पता चला तो तुरंत परिजनों को सूचना दी गई।

ये भी पढ़ें:  मशहूर एक्ट्रेस की हालत बिगड़ी, मुंबई की सड़कों पर मांगती दिखी भीख, मेंटल हेल्थ भी नहीं है ठीक

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई मासूम की सांसें

परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डेढ़ साल के मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में एकतरफा प्यार का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जल्द ही कानून की गिरफ्त में होगा। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि एक मासूम बच्चे को निशाना बनाकर जिस तरह की क्रूरता दिखाई गई है, वह इंसानियत को शर्मसार करने वाली है। हर कोई आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि एकतरफा जुनून और गुस्सा किस तरह लोगों को इतना संवेदनहीन बना सकता है कि वे मासूम बच्चों तक को अपना निशाना बना लें।
  

Related News