
नारी डेस्क: सोनम कपूर सिर्फ एक फैशन आइकॉन ही नहीं हैं उनका स्किनकेयर और हेयर केयर रूटीन भी उतना ही शानदार है। 41 साल की यह एक्ट्रेस नेचुरल स्किनकेयर की अहमियत में बहुत भरोसा रखती हैं और उन्होंने अक्सर बेदाग त्वचा और हेल्दी बालों को बनाए रखने के अपने राज शेयर किए हैं। उन्होंने कई बार बताया है कि कैसे वह अपनी रोज़मर्रा की दिनचर्या में घर पर बनी चीज़ों और नेचुरल नुस्खों को शामिल करती हैं।

कुछ साल पहले सोनम ने अपने स्किनकेयर और हेयरकेयर रूटीन के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि वह उबटन और नारियल तेल जैसे घरेलू नुस्खों पर भरोसा करती हैं। सोनम ने कहा, "मैं उबटन लगाती हूं... गुलाब जल का इस्तेमाल करती हूं। बालों के लिए बादाम और नारियल का तेल लगाती हूं। अपनी स्किन के लिए मैं हर वो चीज़ इस्तेमाल करती हूं जिसके बारे में सोच सकती हूं। मुझे अपनी स्किन का ख्याल रखना पसंद है, लेकिन भारतीय लड़कियों के लिए सबसे ज़रूरी बात यह है कि वे खूब सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें।"

सोनम ने स्किनकेयर का एक ऐसा क्लासिक नुस्खा भी शेयर किया जिस पर कई भारतीय महिलाएं नैचुरल गोल्डन ग्लो पाने के लिए भरोसा करती हैं यह मास्क बेसन, चंदन पाउडर, गुलाब जल, दूध और हल्दी के मिश्रण से बनता है। सोनम इसे चेहरे पर लगाने, सूखने देने और फिर धीरे-धीरे रगड़कर हटाने की सलाह देती हैं। उन्होंने इस पुराने और असरदार नुस्खे के नैचुरल फायदों के बारे में बताते हुए कहा- "यह कमाल का है। इसमें भरपूर एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं और यह स्क्रब और मास्क दोनों का काम करता है। यह स्किन को टाइट और मॉइस्चराइज़ करता है और दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड बहुत अच्छा असर दिखाता है। हल्दी भी एक एंटीसेप्टिक है।"