नारी डेस्क : होली का त्योहार रंगों, मस्ती और पारंपरिक स्वादों के बिना अधूरा माना जाता है। इस खास मौके पर ठंडाई पीना एक पुरानी और लोकप्रिय परंपरा है। लेकिन अगर आप इस बार कुछ खास, रिच और अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो भांग पेड़ा ठंडाई एक बेहतरीन विकल्प है। यह रेसिपी पारंपरिक भांग ठंडाई और मलाईदार पेड़े का अनोखा मेल है, जो स्वाद में बेहद शाही और खुशबू में लाजवाब होती है। इलायची, गुलाब और पिस्ता की खुशबू के साथ बनी यह ठंडाई न सिर्फ शरीर को ठंडक देती है, बल्कि त्योहार की मस्ती को भी दोगुना कर देती है।
Servings - 3

सामग्री (INGREDIENTS)
घी – 1 बड़ा चम्मच
कद्दूकस किया हुआ पनीर – 50 ग्राम
मिल्क पाउडर – 60 ग्राम
दूध – 250 मिलीलीटर
चीनी – 2 बड़े चम्मच
सूखी भांग पत्तियों का पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
इलायची पाउडर – 1/4 छोटा चम्मच
बर्फ के टुकड़े
ठंडाई के लिए
भांग की ताजी पत्तियां – 40 ग्राम
चीनी – 2 बड़े चम्मच
ठंडाई पाउडर – 2½ बड़े चम्मच
दूध – 350 मिलीलीटर
पिस्ता – सजाने के लिए
गुलाब की पंखुड़ियां – सजाने के लिए
बनाने की विधि (PREPARATION)
1. एक कढ़ाही में 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें। इसमें 50 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें और धीमी आंच पर 5–7 मिनट तक पकाएं।
2. अब इसमें 60 ग्राम मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
3. फिर 2 बड़े चम्मच चीनी और 250 मिलीलीटर दूध डालें। लगातार चलाते हुए 10–15 मिनट तक पकाएं।
4. इसके बाद 1 बड़ा चम्मच सूखी भांग पत्तियों का पाउडर और 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालें। अच्छी तरह मिलाएं।
5. गैस बंद कर दें और मिश्रण को 10–12 मिनट तक ठंडा होने दें।
6. मिश्रण ठंडा होने पर उससे छोटे-छोटे पेड़े बना लें।
7. पेड़ों को एक प्लेट में रखकर 30–40 मिनट के लिए फ्रिज में ठंडा करें।
8. अब मिक्सर जार में बर्फ के टुकड़े, 40 ग्राम भांग की पत्तियां, तैयार पेड़े, 2½ बड़े चम्मच ठंडाई पाउडर और 350 मिलीलीटर दूध डालें।
9. सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड करें जब तक मिश्रण एकसार न हो जाए।
10. तैयार भांग पेड़ा ठंडाई को गिलास में डालें। ऊपर से पिस्ता और गुलाब की पंखुड़ियों से सजाएं।
11. ठंडा-ठंडा परोसें।
नोटः ऐसे ही नई-नई और टेस्टी रेसिपी के लिए हमारे Yum Recipes APP को डाउनलोड करें।
iOS: https://apps.apple.com/in/app/id1225104109
Android: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.punjabkesari.yum