19 AUGWEDNESDAY2026 2:43:17 PM
Nari

Ayesha Khan ने कर ली सगाई? मिस्ट्री मैन संग तस्वीर ने बढ़ाया सस्पेंस

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 19 Aug, 2026 11:08 AM
Ayesha Khan ने कर ली सगाई? मिस्ट्री मैन संग तस्वीर ने बढ़ाया सस्पेंस

नारी डेस्क:  आयशा खान एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। 'धुरंधर' के गाने 'शरारत' में अपने डांस और ग्लैमर से लोगों का ध्यान खींचने वाली आयशा ने हाल ही में कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में उनके साथ एक मिस्ट्री मैन नजर आ रहा है, जबकि उनकी उंगली में चमचमाती डायमंड रिंग भी दिखाई दे रही है। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस सवाल करने लगे कि क्या आयशा ने गुपचुप तरीके से सगाई कर ली है?

मिस्ट्री मैन और अंगूठी ने खींचा ध्यान

आयशा ने जो तस्वीरें शेयर की हैं, उनमें वह एक शख्स के साथ नजर आ रही हैं, लेकिन उन्होंने उसका चेहरा नहीं दिखाया है। दूसरी ओर, तस्वीरों में उनकी उंगली में दिखाई दे रही हीरे की अंगूठी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आयशा ने तस्वीरों के कैप्शन में सिर्फ 'एक सपना' लिखा है। उन्होंने पोस्ट में एक जूलरी ब्रांड को भी टैग किया है। ऐसे में यह भी हो सकता है कि तस्वीरें किसी जूलरी कैंपेन या फोटोशूट का हिस्सा हों। फिलहाल आयशा ने सगाई को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

क्या सच में आयशा ने कर ली सगाई

डायमंड रिंग और मिस्ट्री मैन को साथ देखने के बाद फैंस तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कई लोगों को लग रहा है कि आयशा ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कोई बड़ा फैसला लिया है और शायद उन्होंने सगाई कर ली है। हालांकि, अभी इसे सिर्फ सोशल मीडिया पर चल रही अटकल ही माना जा सकता है। आयशा की ओर से इस बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है। जूलरी ब्रांड को टैग करने की वजह से यह तस्वीरें प्रमोशनल पोस्ट भी हो सकती हैं।

PunjabKesari

'शरारत' में क्रिस्टल डिसूजा के साथ आई थीं नजर

आयशा खान को हाल ही में 'धुरंधर' के गाने 'शरारत' से काफी लोकप्रियता मिली। इस गाने में वह क्रिस्टल डिसूजा के साथ नजर आई थीं। गाने को कराची में एक भव्य शादी के माहौल में फिल्माया गया है, जहां दोनों शादी में डांस करने वाली डांसर के किरदार में दिखाई देती हैं। गाने में आयशा और क्रिस्टल के डांस, ग्लैमरस लुक और एनर्जी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस गाने के बाद आयशा की लोकप्रियता में भी काफी इजाफा देखने को मिला।

ये भी पढ़ें:  मामूली बुखार समझकर न करें इग्नोर, दिल्ली-NCR में फैल रहा है स्वाइन फ्लू!

शूटिंग के दौरान रो पड़ी थीं आयशा

'शरारत' की शूटिंग आयशा के लिए आसान नहीं थी। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि गाने की शूटिंग करीब दो दिनों तक चली थी और दोनों दिन काफी व्यस्त रहे। आयशा ने बताया था कि शूटिंग के दौरान वह पीरियड्स से गुजर रही थीं और लगातार डांस करने की वजह से काफी थक गई थीं। कम समय में बहुत ज्यादा काम होने के कारण उनके लिए खुद को संभालना मुश्किल हो रहा था।

PunjabKesari

'मैं खुद को संभाल नहीं पाई और रोने लगी'

आयशा ने अपने अनुभव को याद करते हुए बताया था कि वह पूरे जोश के साथ शूटिंग कर रही थीं, लेकिन दो दिनों की लगातार मेहनत के बाद शरीर पूरी तरह थक चुका था। डांस करने के बाद शरीर में दर्द हो रहा था और वह काफी भावुक भी हो गई थीं। उन्होंने बताया था कि उस दौरान उनकी भावनाएं उन पर हावी हो गईं और वह खुद को संभाल नहीं पाईं। इसके बाद वह रोने लगीं। हालांकि, उन्होंने इन आंसुओं को दुख के नहीं बल्कि खुशी के आंसू बताया था।

PunjabKesari

'बिग बॉस 17' से भी मिली थी पहचान

आयशा खान इससे पहले 'बिग बॉस 17' में नजर आने के बाद भी खूब सुर्खियों में रही थीं। उन्होंने शो में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली थी और शो के दौरान मुनव्वर फारूकी को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। आयशा ने मुनव्वर पर उन्हें धोखा देने और एक साथ कई महिलाओं के साथ रिश्ते में रहने का आरोप लगाया था। उन्होंने उनके पिछले रिश्ते को लेकर भी कई दावे किए थे। शो के दौरान आयशा और मुनव्वर से जुड़ा यह मामला काफी चर्चा में रहा था।

PunjabKesari

फिलहाल आयशा की नई तस्वीरों ने उनकी निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। क्या तस्वीरों में नजर आ रहा मिस्ट्री मैन वाकई उनके होने वाले पार्टनर हैं या फिर यह सिर्फ एक जूलरी ब्रांड का फोटोशूट है, इसका जवाब आयशा की ओर से आधिकारिक पुष्टि के बाद ही मिल पाएगा।
  
 
 

Related News