
नारी डेस्क: बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहे सार्वजनिक झगड़े के बीच, सुनीता बुधवार को अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंचीं। सुनीता को यशवर्धन के साथ बाहर निकलते देखा गया। जब पैपराजी मां-बेटे की जोड़ी का पीछा कर रहे थे तो यशवर्धन काफी नाराज दिखे। एक समय पर अपनी मां के साथ जाते हुए वे फोटोग्राफर्स पर गुस्सा हो गए और उनसे कहा कि वे उनकी मां के लिए रास्ता छोड़ दें और उन्हें परेशान न करें।
जब उनसे पूछा गया कि कोर्ट के अंदर क्या हुआ, तो यशवर्धन ने ज़ोर से कहा- "कुछ नहीं", जबकि सुनीता ने तंज कसते हुए कहा, "बर्थडे मनाने आए थे।" सुनीता ने कैज़ुअल लुक अपनाया था उन्होंने हल्के गुलाबी रंग की शर्ट और काली पतलून पहनी थी। वहीं, यशवर्धन ने सफ़ेद शर्ट, ग्रे पतलून और नीले स्नीकर्स पहने थे। यह घटना सुनीता और गोविंदा के बीच चल रहे सार्वजनिक तनाव के बीच सामने आई है, जिसमें उनके निजी रिश्ते और झगड़े सबके सामने आ गए हैं। यह विवाद तब और बढ़ गया जब गोविंदा को एयरपोर्ट पर अपनी 'रूपा' फिल्म की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ देखा गया।
सुनीता ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और गोविंदा के उस युवा अभिनेत्री के साथ जुड़ाव पर सवाल उठाए। उन्होंने गोविंदा को "शुगर डैडी" कहा और कहा कि वह "ऐसी लड़की के साथ घूम रहे हैं जो उनकी बेटी की उम्र की है", साथ ही कोमल से "ठीक से कपड़े पहनने" को भी कहा। सुनीता की ये बातें गोविंदा और कोमल को लेकर चल रही अटकलों के बीच आईं, हालांकि दोनों के बीच किसी अफेयर की पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के लिए बता दें कि कोमल, गोविंदा की आने वाली फिल्म 'रूपा' से जुड़ी हैं, और अभिनेता का कहना रहा है कि युवा अभिनेत्रियों के साथ उनका जुड़ाव पूरी तरह से प्रोफेशनल है।
आखिरकार गोविंदा ने एक वीडियो मैसेज के ज़रिए सुनीता को जवाब दिया और कहा कि उन्हें उनके काम में दखल नहीं देना चाहिए या ऐसे बयान नहीं देने चाहिए जिनसे उनकी प्रतिष्ठा और बिज़नेस को नुकसान पहुंचे। उम्र के अंतर को लेकर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए, उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब किसी एक्टर को हीरो से काफी कम उम्र की एक्ट्रेस के साथ कास्ट किया गया हो। उन्होंने कहा कि पहले भी बॉलीवुड सुपरस्टार्स कम उम्र की एक्ट्रेस के साथ काम कर चुके हैं और ऐसे प्रोफेशनल सहयोग को अपने आप रिलेशनशिप नहीं माना जाना चाहिए