03 OCTSATURDAY2026 4:14:23 AM
Nari

Being Human से जुड़े मामले में सलमान खान और उनकी बहन को चंडीगढ़ कोर्ट ने भेजा नोटिस

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 06 Aug, 2026 11:13 AM
Being Human से जुड़े मामले में सलमान खान और उनकी बहन को चंडीगढ़ कोर्ट ने भेजा नोटिस

नारी डेस्क: चंडीगढ़ की एक ज़िला अदालत ने एक्टर सलमान खान, उनकी बहन अलविरा खान अग्निहोत्री और 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वैलरी प्राइवेट लिमिटेड' के डायरेक्टरों को समन जारी किया है। यह समन मनीमाजरा में 'बीइंग ह्यूमन' ज्वैलरी शोरूम से जुड़ी धोखाधड़ी की शिकायत के मामले में जारी किया गया है। अदालत ने सभी आरोपियों को 5 अक्टूबर को पेश होने और आरोपों पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

PunjabKesari
बिजनेसमैन अरुण गुप्ता ने दर्ज करवाई शिकायत

यह शिकायत चंडीगढ़ के बिजनेसमैन अरुण गुप्ता ने दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अच्छे बिज़नेस की संभावनाओं का झूठा भरोसा देकर शोरूम में निवेश करने के लिए मनाया गया था, और बाद में उन्हें कई करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। शिकायत के अनुसार, गुप्ता ने 'बीइंग ह्यूमन' (Being Human) ज्वेलरी की मार्केटिंग करने वाली कंपनी 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' के साथ एग्रीमेंट करने के बाद लगभग 3 करोड़ रुपये का निवेश किया। उन्होंने दावा किया कि शोरूम बनाने में लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च हुए और उन्होंने एग्रीमेंट के तहत सभी ज़रूरी शर्तों को पूरा किया।


6 लोगों पर आरोप

गुप्ता का आरोप है कि इन वादों के बावजूद, शोरूम शुरू होने के बाद कंपनी वादा किया गया बिजनेस सपोर्ट देने में नाकाम रही, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। उन्होंने आगे दावा किया कि 'बीइंग ह्यूमन' ज्वेलरी सप्लाई करने वाला आउटलेट फरवरी 2020 से बंद था, जिससे इन्वेंट्री में दिक्कत आई और बिजनेस पर बुरा असर पड़ा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि कंपनी से जुड़े छह लोगों ने बिज़नेस के मौके के बारे में गलत जानकारी दी और उन्हें निवेश करने के लिए राज़ी किया। कंपनी ने पहले भी इन आरोपों को नकारा है और कहा है कि चंडीगढ़ के बिज़नेसमेन के साथ 2018 में हुए समझौते में सलमान खान की कोई सीधी भूमिका नहीं थी। कंपनी का कहना है कि ज्वेलरी बिज़नेस को 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा ब्रांड लाइसेंसिंग समझौते के तहत स्वतंत्र रूप से चलाया जा रहा था।

PunjabKesari
सलमान खान और उनकी बहन को अदालत में पेश होने का आदेश 

कंपनी ने यह भी कहा कि सलमान खान फ़ाउंडेशन ने 2015 में 'बीइंग ह्यूमन' ब्रांड का लाइसेंस 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वैलरी प्राइवेट लिमिटेड' को दिया था, जबकि ज्वैलरी के कारोबार को चलाने उसकी मार्केटिंग और बिक्री की पूरी ज़िम्मेदारी कंपनी की ही थी। यह मामला 5 अक्टूबर को चंडीगढ़ ज़िला अदालत में सुनवाई के लिए आएगा। उम्मीद है कि उस दिन सलमान खान, अलवीरा खान अग्निहोत्री और 'स्टाइल एंड कंटेंट ज्वैलरी प्राइवेट लिमिटेड' के डायरेक्टर अदालत में पेश होंगे और आरोपों का जवाब देंगे।
 

Related News