02 OCTFRIDAY2026 10:09:49 PM
Nari

कैटरीना कैफ का मजाक उड़ाने पर सलमान खान हुए नाराज, अब पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर ने मांगी माफी

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 21 Sep, 2026 05:41 PM
कैटरीना कैफ का मजाक उड़ाने पर सलमान खान हुए नाराज, अब पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर ने मांगी माफी

नारी डेस्क: : कैटरीना कैफ इन दिनों अपने बढ़े हुए वजन को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं। इसी बीच ‘बिग बॉस 20’ के एक एपिसोड में सलमान खान ने उन लोगों को जमकर फटकार लगाई, जो किसी के शरीर या लुक्स को लेकर मजाक उड़ाते हैं। सलमान ने बिना किसी का नाम लिए कैटरीना का भी बचाव किया और कहा कि प्रेग्नेंसी के बाद शरीर में बदलाव होना बिल्कुल सामान्य बात है। सलमान के इस बयान के बाद अब पाकिस्तान के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और आरजे एजाज वारिस ने कैटरीना कैफ से माफी मांगी है। दरअसल, एजाज ने भी कुछ समय पहले कैटरीना के बढ़े हुए वजन को लेकर मजाक किया था। अब उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी बातों पर सफाई दी और एक्ट्रेस से दिल से माफी मांगी है।

‘वीकेंड का वार’ में सलमान ने लगाई ट्रोलर्स को फटकार

19 सितंबर को प्रसारित ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान काफी नाराज नजर आए। उन्होंने फिल्मी सितारों को ट्रोल करने और उनके निजी जीवन पर कमेंट करने वालों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। इसी दौरान सलमान ने बिना कैटरीना कैफ का नाम लिए उनका बचाव किया। उन्होंने कहा कि प्रेग्नेंसी के बाद वजन बढ़ना सामान्य है। एक महिला के लिए इस दौरान शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं और ऐसे समय में उसे ट्रोल करने के बजाय परिवार और बच्चे के साथ समय बिताने देना चाहिए। सलमान ने यह भी कहा कि जब कैटरीना फिल्मों में वापस आएंगी, तो वह दोबारा फिट हो जाएंगी। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बॉडी शेमिंग को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

एजाज वारिस ने वीडियो जारी कर मांगी माफी

सलमान खान की बातों के बाद अब एजाज वारिस का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने अपनी पुरानी टिप्पणी को लेकर कैटरीना से माफी मांगी। एजाज ने कहा कि उन्होंने सलमान खान का ‘बिग बॉस’ वाला क्लिप देखा, जिसमें उन्हें अपनी कही बातों को लेकर एहसास हुआ कि उन्हें कैटरीना के बारे में उस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि वह सलमान खान और कैटरीना कैफ दोनों के फैन हैं, लेकिन रिकॉर्डिंग के दौरान पता नहीं किस फ्लो में उन्होंने ऐसी बातें कह दीं। एजाज ने माना कि उनकी बातों से कई लोगों को बुरा लगा और उनके दिल को ठेस पहुंची।

‘बॉडी शेमिंग का इरादा नहीं था’

एजाज ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने वो बातें कैजुअल अंदाज में कही थीं और उनका मकसद कैटरीना को बॉडी शेम करना नहीं था। हालांकि, अब उन्हें महसूस हो रहा है कि उनके शब्द गलत थे। उन्होंने कैटरीना से माफी मांगते हुए कहा कि अगर उनकी बातों से एक्ट्रेस या किसी और को दुख पहुंचा है, तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने सलमान खान और दर्शकों से भी सॉरी कहा। एजाज ने यह भी कहा कि उनकी नीयत किसी को बॉडी शेम करने की नहीं थी, लेकिन उन्हें अब समझ आ गया है कि उनकी बातों का असर लोगों पर किस तरह पड़ा। इसी वजह से उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सभी से माफी मांगी है।

कैटरीना की प्रेग्नेंसी और उसके बाद उनके शरीर में आए बदलावों को लेकर सोशल मीडिया पर पहले भी कई तरह की टिप्पणियां देखने को मिली हैं। ऐसे में सलमान खान का बयान और अब एजाज वारिस की माफी एक बार फिर बॉडी शेमिंग और महिलाओं के शरीर को लेकर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग की चर्चा को सामने ले आया है।
   
 

Related News