20 AUGTHURSDAY2026 12:39:45 AM
Life Style

10 मिनट में सामान घर पहुंच रहा है, लेकिन स्टोर के अंदर का हाल देखकर उठे सवाल

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 19 Aug, 2026 03:13 PM
10 मिनट में सामान घर पहुंच रहा है, लेकिन स्टोर के अंदर का हाल देखकर उठे सवाल

नारी डेस्क: आज के समय में घर बैठे कुछ ही मिनटों में फल, सब्जियां और रोजमर्रा का सामान मिल जाना बेहद सुविधाजनक है। लेकिन इस सुविधा के पीछे जिन डार्क स्टोर्स या वेयरहाउस में सामान रखा जाता है, वहां साफ-सफाई और फूड सेफ्टी के नियमों का कितना ध्यान रखा जा रहा है, यह सवाल भी उतना ही जरूरी है। मुंबई के मलाड वेस्ट में Blinkit के एक डार्क स्टोर की जांच के बाद सामने आई तस्वीर ने इसी सवाल को फिर चर्चा में ला दिया है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने मलाड वेस्ट स्थित Blinkit के एक स्टोर का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। अधिकारियों ने 7 अगस्त को इस प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान कई गंभीर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं। 

फलों और सब्जियों के पास मिले कॉकरोच

जांच के दौरान सबसे ज्यादा चिंता की बात ताजे फलों और सब्जियों के स्टोरेज एरिया में बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलना थी। खाद्य पदार्थों के आसपास कीटों की मौजूदगी से सामान के दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है। FDA की टीम ने स्टोर में कीट और चूहों से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं पाए। यानी जिस जगह से ग्राहकों के घर तक खाने-पीने की चीजें भेजी जा रही थीं, वहां पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। 

PunjabKesari

एक्सपायर्ड और खराब पैकेट भी मिले

जांच में सिर्फ गंदगी और कीड़ों की समस्या ही सामने नहीं आई। अधिकारियों को स्टोर में एक्सपायर्ड, खराब और छेड़छाड़ किए गए पैकेज्ड फूड आइटम भी मिले। इनमें से कुछ सामान ताजे स्टॉक के साथ ही रखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोर में खाद्य सामान के स्टॉक को व्यवस्थित रखने के लिए FIFO और FEFO जैसे जरूरी तरीकों का भी सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था। ऐसे सिस्टम का मकसद यही होता है कि पुराना या पहले एक्सपायर होने वाला सामान पहले बाहर जाए और उसकी समय सीमा खत्म होने के बाद वह ग्राहक तक न पहुंचे। 

जंग लगे रैक और फर्श पर रखा सामान

FDA की जांच में स्टोरेज व्यवस्था को लेकर भी कई कमियां मिलीं। कुछ खाद्य पदार्थ जंग लगे रैक पर रखे पाए गए, जबकि कुछ सामान सीधे फर्श पर रखा हुआ था। कोल्ड स्टोरेज की सफाई और रखरखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया। खाने-पीने की चीजों को इस तरह रखने से उनकी साफ-सफाई और सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। खासकर ताजे फल-सब्जियों और पैक्ड फूड के स्टोरेज एरिया में साफ-सफाई का सही स्तर बनाए रखना जरूरी है। 

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  ब्रेन अटैक के इलाज के लिए पहुंचा था मरीज, ब्लैडर में मिली 3.1 किलो की पथरी; डॉक्टर भी रह गए हैरान

कचरा प्रबंधन और सफाई पर भी सवाल

निरीक्षण के दौरान स्टोर की वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था में भी कमियां सामने आईं। सफाई और सैनिटेशन का स्तर भी तय मानकों के मुताबिक नहीं पाया गया। इसके अलावा खाद्य पदार्थ संभालने वाले कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप और हेल्थ रिकॉर्ड को लेकर भी कमियां बताई गईं। कर्मचारियों के लिए जरूरी पर्सनल हाइजीन और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था में भी कमी पाई गई। 

लाइसेंस सस्पेंड होने के बाद क्या होगा?

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए FDA ने संबंधित Blinkit प्रतिष्ठान का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आदेश के मुताबिक, लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान वहां से खाद्य पदार्थों की बिक्री, वितरण या किसी तरह का फूड बिजनेस संचालित नहीं किया जा सकता। अगर निलंबन के दौरान कारोबार जारी पाया जाता है, तो आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। 

सिर्फ Blinkit ही नहीं, क्विक कॉमर्स पर बढ़ी नजर

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब महाराष्ट्र में क्विक-कॉमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स और वेयरहाउस की फूड सेफ्टी को लेकर जांच तेज की गई है। हाल की कार्रवाई में Blinkit के अलावा Zepto और Instamart से जुड़े प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में आए हैं। FDA ने 86 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और कई जगहों पर सुधार के नोटिस जारी किए।  इससे साफ है कि कुछ मिनटों में सामान पहुंचाने की रफ्तार के साथ अब स्टोरेज और हाइजीन पर भी उतना ही ध्यान देने की जरूरत है। ग्राहक के लिए डिलीवरी कितनी तेज है, यह जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी यह है कि उसके घर पहुंचने वाला खाना और सामान सुरक्षित तरीके से स्टोर किया गया हो।

PunjabKesari

10 मिनट की डिलीवरी से ज्यादा जरूरी है सामान की सुरक्षा

क्विक डिलीवरी ने लोगों की जिंदगी काफी आसान कर दी है। जरूरत का सामान कुछ ही मिनटों में घर पहुंच जाता है, लेकिन इस सुविधा के साथ फूड सेफ्टी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मलाड के इस मामले ने कम से कम इतना सवाल जरूर खड़ा किया है कि अगर डिलीवरी 10 मिनट में हो भी जाए, तो क्या स्टोर के अंदर सामान उतनी ही सुरक्षित और साफ जगह पर रखा जा रहा है? आखिर कुछ मिनट बचाने से ज्यादा जरूरी ग्राहक की सेहत और खाने की सुरक्षा है।
   
 

Related News