नारी डेस्क: भारतीय घरों में इसबगोल ( Psyllium Husk) सदियों से एक भरोसेमंद घरेलू नुस्खा रहा है। यह मुख्य रूप से अपने उच्च फाइबर गुणों के कारण जाना जाता है और लगभग हर रसोई या दवा के डिब्बे में पाया जाता है। इसे कब्ज़ के लिए एक प्राकृतिक उपाय के तौर पर और पेट साफ़ होने की प्रक्रिया को नियमित बनाने के लिए बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि इसके फायदे हमारी सोच से कहीं ज़्यादा हैं, 20 साल से ज़्यादा का अनुभव रखने वाले फ़िटनेस कोच डैन गो ने इसके एक नहीं ढेर सारे फायदे बताए।

दिन में तीन बार किया ईसबगोल का सेवन
डैन ने बताया कि उन्होंने 28 दिनों तक दिन में तीन बार दो बड़े चम्मच इसबगोल लिया, और इसका जो असर हुआ वह उनकी उम्मीद के मुताबिक बिल्कुल नहीं था। उन्होंने लिखा- "मैंने साइलियम हस्क की अधिकतम खुराक ली थी, लेकिन मुझे इस तरह के नतीजे की उम्मीद नहीं थी।" फिटनेस कोच ने 28 दिनों का एक आसान प्रोटोकॉल अपनाया, जिसके तहत उन्होंने लगातार 20 दिनों तक, दिन में तीन बार हर भोजन से पहलेदो बड़े चम्मच ईसबगोल का सेवन किया। इसका नतीजा यह हुआ कि उन्हें अकेले ईसबगोल से ही प्रतिदिन लगभग 48 से 56 ग्राम फाइबर मिला।

इसबगोल के साथ पानी लेना ना भूलें
परफॉर्मेंस कोच डैन गो ने विस्तार से बताते हुए लिखा- मेरा 28 दिन का प्रोटोकॉल बहुत आसान था, हर खाने से पहले 2 बड़े चम्मच इसबगोल की भूसी, दिन में 3 बार लगातार 28 दिनों तक। यानी, सिर्फ़ इसबगोल की भूसी से रोज़ाना 48–56 ग्राम फ़ाइबर मिलता था। उन्होंने लिखा- पहले और दूसरे दिन काफ़ी मुश्किल रहे। मुझे बहुत थकान महसूस हो रही थी और समझ नहीं आ रहा था कि ऐसा क्यों हो रहा है। फिर मुझे एहसास हुआ कि मैं काफ़ी पानी नहीं पी रहा था। इसबगोल अपना काम करते समय बहुत सारा पानी सोख लेता है। जैसे ही मैंने पानी पीना बढ़ाया, एक ही दिन में मेरी थकान दूर हो गई। बिना पानी के इसबगोल की भूसी लेना बहुत मुश्किल हो सकता है।
पेट की सभी परेशानी हो गई खत्म
डैन गो आगे लिखते हैं- तीसरे दिन से अच्छे नतीजे दिखने शुरू हो गए।मेरी भूख काफ़ी कम हो गई थी। दो खानों के बीच मुझे पेट भरा हुआ महसूस होता था, मुझे कुछ भी हल्का-फुल्का खाने की ज़रूरत महसूस नहीं होती थी, और खाने की तलब भी कम हो गई थी। मैं जान-बूझकर कम खाने की कोशिश नहीं कर रहा था। बस मेरा खाने का मन ही नहीं करता था। इसी समय, 46 साल की उम्र में, मेरे पेट की मांसपेशियां (abs) भी वापस आ गईं। यह कोई इत्तेफ़ाक नहीं था। चौथे दिन से आगे, मेरा पेट एकदम साफ़ होने लगा। पहले मैं दिन में एक बार पेट साफ़ करता था, लेकिन अब एक तय समय पर दिन में दो बार पेट साफ़ होने लगा।

पेट फूलना भी हो गया ठीक
Dan Go ने लिखा- सातवें दिन तक, मेरा पाचन पिछले कई सालों में सबसे ज़्यादा बेहतर हो गया था। खाने के बाद मुझे बहुत ज़्यादा गैस बनती थी। मेरी पत्नी को लगता था कि यह तो मेरी आदत ही है। लेकिन असल में, मेरे पेट में कुछ गड़बड़ थी। इसबगोल ने उसे ठीक कर दिया। गैस कम बनी। पेट फूलना कम हो गया। मेरे पेट में एक ऐसी शांति और सुकून महसूस हुआ, जिसके बारे में मुझे पता ही नहीं था कि वह पहले गायब थी। इस प्रयोग ने मेरे काम करने का तरीका ही बदल दिया, खासकर अपने क्लाइंट्स के साथ काम करने का तरीका। मैं पहले दो चीज़ों पर नज़र रखता था: कैलोरी और प्रोटीन। 21 दिनों तक इसबगोल लेने के बाद, मैंने इसमें एक तीसरी चीज़ भी जोड़ दी: कैलोरी, प्रोटीन और अब, फाइबर। उन्होंने अंत में लिखा- Psyllium हस्क दुनिया के सबसे कम आंके जाने वाले सप्लीमेंट्स में से एक है। मैं इसे अपनी रोज़ की डाइट में शामिल रखूंगा। इसके फ़ायदे इतने ज़बरदस्त हैं कि इन्हें नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।