19 AUGWEDNESDAY2026 4:24:48 PM
Life Style

इस रक्षाबंधन सिर्फ राखी और गिफ्ट नहीं, भाई-बहन मिलकर करें ये 5 काम, त्योहार बन जाएगा यादगार

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 19 Aug, 2026 03:44 PM
इस रक्षाबंधन सिर्फ राखी और गिफ्ट नहीं, भाई-बहन मिलकर करें ये 5 काम, त्योहार बन जाएगा यादगार

नारी डेस्क:  रक्षाबंधन आते ही घर में अलग ही रौनक देखने को मिलती है। बहनें राखी और भाई के लिए गिफ्ट की तैयारी करती हैं, वहीं भाई भी बहन को खुश करने के लिए कुछ खास करने की सोचते हैं। लेकिन रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने, मिठाई खिलाने और गिफ्ट देने तक ही सीमित नहीं है। यह भाई-बहन के उस रिश्ते को सेलिब्रेट करने का दिन है, जिसमें बचपन की लड़ाइयां, छोटी-छोटी शरारतें और ढेर सारी प्यारी यादें जुड़ी होती हैं। अगर आप इस बार रक्षाबंधन को थोड़ा अलग तरीके से मनाना चाहते हैं तो भाई-बहन साथ मिलकर कुछ ऐसी एक्टिविटीज कर सकते हैं, जो त्योहार की खुशी को और बढ़ा दें। इसके लिए आपको किसी बड़े प्लान या महंगे खर्च की भी जरूरत नहीं है। बस साथ में थोड़ा वक्त बिताना जरूरी है।

साथ मिलकर बनाएं अपनी पसंद की डिश

रक्षाबंधन पर भाई-बहन किचन में साथ मिलकर कुछ स्पेशल बना सकते हैं। अपनी पसंद की मिठाई, केक, स्नैक्स या कोई ऐसी डिश तैयार करें, जिसे दोनों खाना पसंद करते हों। खाना बनाते समय एक-दूसरे की मदद करना और छोटी-छोटी नोकझोंक करना भी इस दिन को मजेदार बना सकता है। इस दौरान बचपन की बातें और पुराने किस्से याद करें। हो सकता है कि खाना बनाते-बनाते कोई ऐसी पुरानी याद निकल आए, जिसे याद करके दोनों की हंसी छूट जाए। आखिर ऐसे ही पल बाद में सबसे खूबसूरत याद बन जाते हैं।

PunjabKesari

भाई-बहन मिलकर बनाएं आउटिंग का प्लान

अगर रक्षाबंधन के दिन आपके पास कुछ घंटे खाली हैं तो भाई या बहन के साथ छोटी-सी आउटिंग प्लान की जा सकती है। इसके लिए किसी दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं है। आप पास के पार्क, कैफे, म्यूजियम या किसी ऐसी जगह जा सकते हैं जहां दोनों को घूमना पसंद हो। वहां बैठकर आराम से बातें करें, साथ में कुछ खाएं और तस्वीरें क्लिक करें। कई बार लंबी यात्रा से ज्यादा मजा कुछ घंटे साथ बैठकर बिताने में आता है। खासकर अगर दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त रहते हैं तो यह छोटा-सा आउटिंग प्लान रिश्ते के लिए खास हो सकता है।

ये भी पढ़ें:  ब्रेन अटैक के इलाज के लिए पहुंचा था मरीज, ब्लैडर में मिली 3.1 किलो की पथरी; डॉक्टर भी रह गए हैरान

एक-दूसरे के लिए लिखें दिल की बात

इस बार राखी के साथ सिर्फ गिफ्ट देने के बजाय भाई या बहन के लिए एक छोटा-सा हाथ से लिखा नोट भी तैयार करें। इसमें बचपन की कोई मजेदार याद, एक-दूसरे के लिए शुक्रिया या कोई ऐसी बात लिख सकते हैं, जो आप अक्सर सामने से नहीं कह पाते। आप चाहें तो इसमें भाई या बहन के लिए कोई प्यारी सी सलाह या आने वाले समय के लिए शुभकामना भी लिख सकते हैं। छोटा-सा यह नोट देखने में भले ही साधारण लगे, लेकिन इसे संभालकर रखा जा सकता है और कई साल बाद पढ़ने पर पुरानी यादें फिर ताजा हो जाएंगी।

PunjabKesari

बचपन की पसंदीदा चीज फिर से करें

बड़े होने के बाद अक्सर भाई-बहन अपनी पढ़ाई, नौकरी और दूसरी जिम्मेदारियों में व्यस्त हो जाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन बचपन की कोई पसंदीदा एक्टिविटी दोबारा करने का अच्छा मौका हो सकता है। अगर बचपन में दोनों साथ बैठकर लूडो या कैरम खेलते थे तो वही खेल दोबारा खेलें। किसी पुरानी पसंदीदा फिल्म को साथ देखें, पुराने गाने सुनें या घर पर बैठकर फोटो एलबम निकाल लें। जरूरी नहीं कि हर एक्टिविटी नई और खास हो। कई बार पुरानी चीजों को दोबारा करना ही सबसे ज्यादा खुशी देता है।

इस रक्षाबंधन यादों को बनाएं खास

रक्षाबंधन का असली मजा महंगे गिफ्ट या बड़े सेलिब्रेशन में नहीं, बल्कि भाई-बहन के साथ बिताए उन पलों में है जिन्हें बाद में याद करके चेहरे पर मुस्कान आ जाए। इसलिए इस बार राखी बांधने के बाद कुछ समय सिर्फ एक-दूसरे के लिए निकालें। चाहे साथ खाना बनाना हो, कहीं घूमने जाना हो, पुरानी बातें करना हो या बचपन का कोई खेल खेलना छोटी-सी कोशिश भी रक्षाबंधन को बाकी दिनों से अलग और यादगार बना सकती है।

 

 

 

Related News