09 AUGSUNDAY2026 10:41:54 PM
Nari

Samay Raina ने दिखाई दरियादिली, असम बाढ़ पीड़ितों के लिए दान किए 10 लाख रुपये

  • Edited By Monika,
  • Updated: 09 Aug, 2026 11:21 AM
Samay Raina ने दिखाई दरियादिली, असम बाढ़ पीड़ितों के लिए दान किए 10 लाख रुपये

नारी डेस्क : असम इन दिनों भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है। बाढ़ के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है और बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर समय रैना ने मदद के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया है। समय ने असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया है।

असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए समय रैना

असम में बाढ़ की स्थिति लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाना पड़ा है। इसी बीच समय रैना ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये दान किए हैं। समय के इस योगदान की जानकारी असम के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरटीजीएस ट्रांजैक्शन एडवाइस के साथ इस दान की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- धन्यवाद समय

समय रैना के इस योगदान के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उनका आभार जताया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शेयर किए गए पोस्ट में समय को असम के मुश्किल समय में राहत कार्यों में योगदान देने के लिए धन्यवाद कहा गया।

असम में बाढ़ से बिगड़े हालात

समय रैना ने ऐसे वक्त में मदद की है, जब असम के कई हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं। गोलाघाट जिले में धनसिरी और दोयांग नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए। बाढ़ के चलते प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और कई लोग राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं।

राहत और पुनर्वास के काम में मिलेगी मदद

बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों तक जरूरी सामान और अन्य राहत पहुंचाने का काम जारी है। ऐसे में समय रैना की ओर से किया गया यह आर्थिक योगदान राहत और पुनर्वास के प्रयासों में मददगार साबित हो सकता है। उनकी इस पहल की सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर भी चर्चा में रहे समय रैना

समय रैना पिछले साल अपने यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर भी काफी चर्चा में रहे थे। शो के एक एपिसोड को लेकर विवाद खड़ा हुआ था और असम में उनके खिलाफ पुलिस केस भी दर्ज हुआ था। इस मामले में यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए थे। आरोपों में अश्लीलता को बढ़ावा देने और आपत्तिजनक कंटेंट से जुड़े मामले शामिल थे। विवाद के बाद समय रैना ने कुछ समय के लिए कंटेंट क्रिएशन से दूरी बनाई थी। अब वह ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के साथ वापसी कर चुके हैं।

Related News