
नारी डेस्क: क्रोल की सेलेब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट 2025 के अनुसार, अभिनेता शाहरुख खान भारत के सबसे मूल्यवान सेलेब्रिटी ब्रांड बन गए हैं, जबकि रणवीर सिंह ने क्रिकेटर विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। रिपोर्ट के अनुसार , भारत के शीर्ष 25 सेलेब्रिटी ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू दो अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 3.7 प्रतिशत कम है।

इस सूची में 13 पुरुष और 12 महिला हस्तियां शामिल हैं। ब्रांड वैल्यू का आकलन उनके विज्ञापन पोटर्फोलियो, एंडोर्समेंट और सोशल मीडिया प्रभाव के आधार पर किया गया है। शाहरुख खान ने इस साल शानदार वापसी करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। वर्ष 2024 में वह तीसरे स्थान पर थे। वहीं रणवीर सिंह 162.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ दूसरे स्थान पर रहे हैं। पिछले साल शीर्ष स्थान पर रहे क्रिकेटर विराट कोहली इस बार 158.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

रणवीर सिंह की बढ़ती ब्रांड वैल्यू उनके विज्ञापन बाजार में प्रभाव और डिजिटल लोकप्रियता को दर्शाती है। शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म‘किंग'को लेकर चर्चा में हैं, जबकि रणवीर सिंह अपनी फिल्मों और ब्रांड अपील के कारण लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। दोनों सितारों की लोकप्रियता ने उन्हें मनोरंजन जगत के साथ-साथ विज्ञापन बाजार में भी मजबूत स्थान दिलाया है। क्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान और रणवीर सिंह का शीर्ष स्थान पर रहना यह साबित करता है कि भारतीय फिल्म सितारों का प्रभाव बड़े पर्दे तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्रांड और उपभोक्ता बाजार में भी उनकी मजबूत पकड़ बनी हुई है।