
नारी डेस्क : शहनाज गिल इन दिनों अपनी फिल्म ‘इश्कनामा’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक्ट्रेस के साथ अचानक एक हादसा होता नजर आ रहा है। वीडियो में शहनाज नोज रिंग की वजह से काफी परेशान दिखाई दे रही हैं और उसे निकालने की कोशिश करती नजर आती हैं।
शूटिंग के दौरान बिगड़ी शहनाज की हालत
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शहनाज गिल फिल्म की शूटिंग के दौरान नोज रिंग पहने नजर आ रही हैं। इसी दौरान नोज रिंग उनके गले में फंस जाती है, जिसके बाद उन्हें काफी परेशानी होने लगती है। वीडियो में वह असहज नजर आती हैं और इसे बाहर निकालने की कोशिश करती दिख रही हैं। इस दौरान उनके को-स्टार सौरभ सचदेवा भी उनकी मदद करते नजर आते हैं। खास बात यह है कि इस परेशानी के बावजूद शहनाज ने हिम्मत नहीं छोड़ी और अपना शॉट पूरा किया।

शहनाज ने खुद शेयर किया वीडियो
शहनाज गिल ने खुद इस घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने वीडियो के साथ बताया कि कई फैंस उनसे ‘नथनी’ वाला पल पोस्ट करने की मांग कर रहे थे, इसलिए उन्होंने इस बिहाइंड द सीन कहानी को भी साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद फैंस शहनाज की हिम्मत और मेहनत की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए एक्ट्रेस को अपना ध्यान रखने की सलाह भी दी।
‘बिग बॉस 13’ से मिली खास पहचान
शहनाज गिल को सबसे ज्यादा लोकप्रियता ‘बिग बॉस 13’ से मिली। शो के दौरान उनकी दोस्ती अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के साथ काफी चर्चा में रही। सिद्धार्थ के निधन के बाद भी शहनाज कई बार उनके साथ जुड़ी यादों को लेकर सुर्खियों में रही हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो शहनाज लगातार फिल्मों और अन्य प्रोजेक्ट्स में नजर आ रही हैं। वहीं, इन दिनों उनका नाम अभिनेता और डांसर राघव जुयाल के साथ भी जोड़ा जाता है। हालांकि, दोनों ने अपनी डेटिंग को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की है।