
नारी डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम की आवाज के लाखों लोग दीवाने हैं। अपनी गायकी से हर बार लोगों का दिल जीतने वाले सोनू निगम इस समय अस्पताल में हैं, जहां उनकी सर्जरी हुई है। इस बीच उन्होंने अस्पताल से एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वीडियो में सोनू सर्जरी के दौरान ही गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं। सोनू निगम का यह अंदाज देखकर उनके फैंस हैरान भी हैं और उनकी तारीफ भी कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
सर्जरी टेबल पर लेटे दिखे सोनू निगम
सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में वह अस्पताल की सर्जरी टेबल पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। आसपास डॉक्टर और मेडिकल टीम मौजूद है और उनका इलाज चल रहा है। इस दौरान खास बात यह रही कि सोनू निगम ने दर्द और सर्जरी के बीच भी अपना हौसला बनाए रखा और गाना गाते नजर आए। उन्होंने 1949 में रिलीज हुई फिल्म ‘दुलारी’ का मशहूर गाना ‘सुहानी रात ढल चुकी’ गाया। यह वही गीत है जिसे महान गायक मोहम्मद रफी ने अपनी आवाज दी थी। फिल्म ‘दुलारी’ में मधुबाला मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। करीब सात दशक से ज्यादा पुराना यह गाना आज भी संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय है।
दर्द के बीच सोनू ने दी अचानक परफॉर्मेंस
वीडियो शेयर करते हुए सोनू निगम ने अपने अनुभव को भी शब्दों में बताया। उन्होंने डॉक्टर निलेश सतभाई और उनकी टीम के लिए सर्जरी के दौरान अचानक गाना गाने को लेकर पोस्ट लिखा। सोनू के मुताबिक, यह उनके लिए एक अनप्लान्ड परफॉर्मेंस था। दर्द के बीच भी उन्होंने संगीत की खुशी को महसूस किया और अपनी आवाज के जरिए उस पल को खास बना दिया। सर्जरी जैसे मुश्किल समय में भी सोनू का संगीत से जुड़ा रहना उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
वीडियो देखकर फैंस ने की जमकर तारीफ
सोनू निगम का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट करना शुरू कर दिया। लोग उनकी हिम्मत और संगीत के प्रति जुनून की तारीफ कर रहे हैं। साथ ही फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि सोनू जल्द ठीक हो जाएं। वहीं, दूसरे फैन ने उनके जल्दी रिकवर करने की कामना की। एक अन्य यूजर ने उनकी आवाज की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी आवाज बेहद प्यारी है और उन्हें जल्द स्वस्थ होना चाहिए।
फैंस के इन कमेंट्स से साफ है कि सोनू निगम की लोकप्रियता सिर्फ उनके गानों तक सीमित नहीं है। मुश्किल समय में भी उनके चाहने वाले उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
सोनू निगम का नया गाना भी चर्चा में
वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनू निगम इन दिनों अपने नए गाने को लेकर भी चर्चा में हैं। उनका हिंदी-हरियाणवी सॉन्ग ‘चुन्नी’ रिलीज हुआ है, जिसे यूट्यूब पर दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सोनू निगम लंबे समय से भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने हिंदी समेत कई भाषाओं में यादगार गाने दिए हैं और उनकी अलग पहचान आज भी कायम है। यही वजह है कि उनकी सेहत से जुड़ी हर खबर पर फैंस की नजर बनी रहती है।
फिलहाल सोनू निगम के इस वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि संगीत उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिंदगी का अहम हिस्सा है। फैंस अब उनके जल्द स्वस्थ होकर दोबारा पूरी ऊर्जा के साथ मंच पर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।