
नारी डेस्क : बॉलीवुड और हॉलीवुड स्टार प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा न सिर्फ एक फिल्म प्रोड्यूसर हैं, बल्कि ट्रेंड कॉस्मेटोलॉजिस्ट भी हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर ब्यूटी और स्किनकेयर से जुड़े टिप्स साझा करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने घने और मजबूत बालों का राज बताते हुए एक खास होममेड हेयर मास्क की रेसिपी शेयर की, जिसे वह अपने साप्ताहिक हेयर केयर रूटीन का अहम हिस्सा मानती हैं।
कैसे बनाती हैं डॉ. मधु चोपड़ा अपना हेयर मास्क?
डॉ. मधु चोपड़ा के अनुसार, यह हेयर मास्क बालों को पोषण देने और उनकी सेहत बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। इसे बनाने के लिए वह इन चीजों का इस्तेमाल करती हैं
1 चम्मच नारियल तेल
1 चम्मच मेथी दाना
1 चम्मच रोजमेरी
1 चम्मच पके हुए चावल
1 चम्मच चिया सीड्स
इन सभी सामग्रियों को मिलाकर एक स्मूद मिश्रण तैयार किया जाता है।
चिया सीड्स के कारण मास्क में जेल जैसी बनावट आ जाती है। जिससे इसे बालों पर आसानी से लगाया जा सकता है।

कैसे करें इस्तेमाल?
इस हेयर मास्क को बालों और स्कैल्प पर अच्छी तरह लगाकर करीब एक घंटे तक छोड़ दें। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। डॉ. मधु चोपड़ा का कहना है कि यह मास्क बालों के झड़ने को कम करने और हेयर ग्रोथ को सपोर्ट करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसके प्रभाव व्यक्ति की हेयर टाइप और स्कैल्प कंडीशन के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं।
हर हफ्ते बदलती हैं हेयर केयर रूटीन
मधु चोपड़ा ने बताया कि यह उनके पहले हफ्ते का हेयर केयर रूटीन है और वह हर हफ्ते अलग-अलग हेयर मास्क का इस्तेमाल करती हैं। साथ ही, वह अपने फैंस के साथ ये ब्यूटी टिप्स भी साझा करती रहती हैं।
स्किन के लिए भी अपनाती हैं घरेलू नुस्खे
बालों के अलावा, डॉ. मधु चोपड़ा अपनी स्किन का भी खास ख्याल रखती हैं। वह घर पर बना फेस मास्क इस्तेमाल करती हैं, जिसमें दही, मलाई, हल्दी और ठंडा दूध शामिल होता है। उनका कहना है कि यह मास्क त्वचा को निखारने और प्राकृतिक चमक देने में मदद कर सकता है।
नोट: घरेलू नुस्खे हर व्यक्ति की त्वचा और बालों पर अलग असर दिखा सकते हैं। किसी भी नए उत्पाद या घरेलू उपाय को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।