नारी डेस्क : दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, इंदिरापुरम समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही 1 फरवरी के लिए बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
राजधानी में तेज और सर्द हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है। कई इलाकों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को ज्यादा ठिठुरन महसूस हो रही है।
दिल्ली का आज का मौसम
IMD के अनुसार, अधिकतम तापमान: लगभग 18°C
न्यूनतम तापमान: लगभग 11°C
हालांकि बारिश के बाद भी हवा पूरी तरह साफ नहीं हुई है। दिल्ली के कई इलाकों में AQI अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों में AQI
आनंद विहार – 367
जहांगीरपुरी – 365
द्वारका सेक्टर-8 – 351
बवाना – 342
चांदनी चौक – 343
लोधी रोड – 244
कई जगहों पर AQI 300 के पार दर्ज किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता है।
जनवरी में टूटा चार साल का रिकॉर्ड
इस बार जनवरी में दिल्ली में 25.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो बीते चार वर्षों में सबसे अधिक है।
जनवरी 2025: 8.3 मिमी
जनवरी 2023: 20.4 मिमी
जनवरी 2022: 88.2 मिमी।
उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट
IMD ने यूपी के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। 1 से 3 फरवरी के बीच मुजफ्फरनगर, मेरठ, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल समेत कई जिलों में 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में घने कोहरे का खतरा
बिहार में ठंडी पछुआ हवाओं के कारण सर्दी और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने चंपारण समेत 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। तापमान में और गिरावट की आशंका है।
पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 1 से 3 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में बारिश के आसार हैं, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है।