22 MAYFRIDAY2026 12:49:21 AM
Life Style

गर्मियों में Diabetes मरीज कौन से फल खाएं और किनसे बनाएं दूरी? जानिए Experts की सलाह

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 20 May, 2026 10:30 AM
गर्मियों में Diabetes मरीज कौन से फल खाएं और किनसे बनाएं दूरी? जानिए Experts की सलाह

नारी डेस्क:  गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में तरह-तरह के रसीले और मीठे फल दिखाई देने लगते हैं। आम, तरबूज, अंगूर और चीकू जैसे फल लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं। लेकिन Diabetes से पीड़ित लोगों के लिए फलों का चुनाव सोच-समझकर करना बेहद जरूरी होता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डायबिटीज मरीज पूरी तरह फल खाना बंद नहीं करते, बल्कि उन्हें ऐसे फल चुनने चाहिए जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम हो। सही फल सही मात्रा में खाने से शरीर को पोषण भी मिलता है और ब्लड शुगर भी नियंत्रण में रहता है।

क्या होता है ग्लाइसेमिक इंडेक्स और क्यों है जरूरी?

ग्लाइसेमिक इंडेक्स यानी GI यह बताता है कि कोई खाद्य पदार्थ शरीर में जाकर कितनी तेजी से ब्लड शुगर बढ़ाता है। जिन फलों का GI कम होता है, वे धीरे-धीरे पचते हैं और शरीर में ग्लूकोज धीरे रिलीज करते हैं। वहीं हाई GI वाले फल शुगर लेवल तेजी से बढ़ा सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार 55 से कम GI वाले फल डायबिटीज मरीजों के लिए ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं, जबकि 70 से ऊपर GI वाले फलों से सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

PunjabKesari

आम खाने से पहले सोच लें डायबिटीज मरीज

गर्मियों में आम का स्वाद शायद ही कोई छोड़ना चाहता हो, लेकिन डायबिटीज मरीजों के लिए यह फल परेशानी बढ़ा सकता है। आम में प्राकृतिक शुगर काफी ज्यादा मात्रा में होती है, जो ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकती है। अगर किसी को डायबिटीज है तो उसे आम सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए और कोशिश करनी चाहिए कि इसे खाली पेट न खाएं।

केला भी बढ़ा सकता है ब्लड शुगर

केला शरीर को तुरंत ऊर्जा देने वाला फल माना जाता है, लेकिन डायबिटीज मरीजों के लिए यह हमेशा सुरक्षित विकल्प नहीं होता। खासतौर पर ज्यादा पका हुआ केला तेजी से शुगर बढ़ा सकता है। यही वजह है कि डॉक्टर डायबिटीज मरीजों को केला नियंत्रित मात्रा में खाने की सलाह देते हैं।

चीकू की ज्यादा मिठास बन सकती है खतरा

चीकू स्वाद में बेहद मीठा होता है और यही मिठास डायबिटीज मरीजों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। इसमें प्राकृतिक शुगर की मात्रा अधिक होती है, जिससे ब्लड शुगर अचानक बढ़ सकता है। इसलिए चीकू को नियमित रूप से या ज्यादा मात्रा में खाने से बचना बेहतर माना जाता है।

PunjabKesari

अंगूर खाते समय भी रखें सावधानी

अंगूर छोटे जरूर होते हैं, लेकिन इनमें ग्लूकोज की मात्रा काफी ज्यादा होती है। कई बार लोग इन्हें स्नैक की तरह लगातार खाते रहते हैं, जिससे शरीर में शुगर तेजी से बढ़ सकती है। डायबिटीज मरीजों को अंगूर खाते समय मात्रा का खास ध्यान रखना चाहिए।

शरीफा भी कर सकता है नुकसान

शरीफा पोषण से भरपूर फल माना जाता है, लेकिन इसमें कैलोरी और मिठास दोनों ज्यादा होती हैं। यही वजह है कि डायबिटीज मरीजों के लिए यह फल जोखिम बढ़ा सकता है। अगर कोई व्यक्ति इसे खाना चाहता है तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही सीमित मात्रा में खाए।

सेब डायबिटीज मरीजों के लिए अच्छा 

सेब को हेल्दी फलों में गिना जाता है और यह डायबिटीज मरीजों के लिए भी बेहतर विकल्प माना जाता है। इसमें फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, जो पाचन को धीमा करता है और ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने से रोकने में मदद करता है। नियमित लेकिन सीमित मात्रा में सेब खाना फायदेमंद हो सकता है।

अमरूद और संतरा भी हैं सुरक्षित विकल्प

अमरूद और संतरा दोनों ही ऐसे फल हैं जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम माना जाता है। अमरूद में फाइबर भरपूर होता है, जबकि संतरा शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ विटामिन-सी भी देता है। यही कारण है कि ये दोनों फल गर्मियों में डायबिटीज मरीजों के लिए अच्छे विकल्प माने जाते हैं।

ये भी पढ़ें: इन 6 लोगों को भूलकर भी नहीं खाना चाहिए आंवला, फायदे की जगह बढ़ सकती है परेशानी

बेरीज और नाशपाती भी दे सकते हैं फायदा

बेरीज जैसे स्ट्रॉबेरी और ब्लूबेरी एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं और इनमें शुगर अपेक्षाकृत कम होती है। वहीं नाशपाती पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करती है। ये फल ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाए बिना शरीर को पोषण देने का काम करते हैं।

PunjabKesari

फल खाने का सही तरीका भी बेहद जरूरी

डायबिटीज मरीजों के लिए सिर्फ सही फल चुनना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें सही तरीके से खाना भी जरूरी है। जूस, स्मूदी या मिल्कशेक के रूप में फल लेने से उनमें मौजूद फाइबर कम हो जाता है और शुगर तेजी से शरीर में पहुंचती है। इसलिए फलों को सीधे खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है।

मिड-मील के तौर पर खाना रहेगा फायदेमंद

विशेषज्ञों के अनुसार फलों को भारी भोजन के साथ खाने की बजाय स्नैक या मिड-मील के तौर पर खाना बेहतर होता है। इसके अलावा इन्हें प्रोटीन वाली चीजों जैसे नट्स, भुने चने या ग्रीक योगर्ट के साथ खाने से ब्लड शुगर ज्यादा तेजी से नहीं बढ़ता।

ड्रायफ्रूट्स से भी बरतें सावधानी

ड्रायफ्रूट्स को अक्सर हेल्दी माना जाता है, लेकिन डायबिटीज मरीजों के लिए यह हमेशा सही विकल्प नहीं होते। जब फल सूख जाते हैं तो उनमें मौजूद शुगर ज्यादा कंसंट्रेट हो जाती है। खजूर और सूखी अंजीर जैसे ड्रायफ्रूट्स कम मात्रा में भी शरीर में ज्यादा शुगर पहुंचा सकते हैं। इसलिए ताजे फल ड्रायफ्रूट्स की तुलना में ज्यादा बेहतर विकल्प माने जाते हैं।

डॉक्टर की सलाह के बिना डाइट में बदलाव न करें

हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से प्रतिक्रिया करता है। इसलिए डायबिटीज मरीजों को अपनी डाइट में किसी भी नए फल को शामिल करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लेनी चाहिए। अगर कोई फल खाने के बाद ब्लड शुगर अचानक बढ़ जाए या शरीर में किसी तरह की परेशानी महसूस हो तो तुरंत एक्सपर्ट से संपर्क करना जरूरी है।    

 

Related News