
नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगल पर संगम नगरी बजरंगबली की भक्ति में लीन रही। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में भोर से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। संगम तट स्थित सुप्रसिद्ध श्री बड़े हनुमान मंदिर लेटे हनुमान जी में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। प्रात:काल महंत बलबीर गिरी ने विधि-विधान से पंच द्रव्य से बजरंगबली का अभिषेक और स्नान कराया।

इसके उपरांत लगभग 5.5 क्विंटल फलों से भगवान का दिव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस श्रृंगार में डेढ़ क्विंटल आम, ढाई क्विंटल सेब, एक क्विंटल संतरा, एक क्विंटल अनार तथा पचास दर्जन केले सहित विभिन्न प्रकार के फलों का उपयोग हुआ। मंदिर परिसर को सुगंधित देसी और विदेशी फूलों से भी भव्य रूप से सजाया गया था। विशेष श्रृंगार के उपरांत महंत बलबीर गिरी ने बजरंगबली की विशेष आरती संपन्न कराई। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए, जहां हजारों भक्तों ने बजरंगबली के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के सामूहिक पाठ से आध्यात्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया। महाआरती के बाद संकटमोचन को 56 भोग अर्पित करने की भी तैयारी की गई। बड़े मंगल के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, हलवा, बूंदी और शीतल शर्बत का प्रसाद वितरित किया जा रहा था। भीषण गर्मी के बावजूद, आस्था का उत्साह चरम पर रहा और पूरा प्रयागराज‘जय श्रीराम'और‘जय बजरंगबली'के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।