
नारी डेस्क: एक्ट्रेस और डांसर संभावना सेठ ने अपनी जिंदगी के उस दिल दहला देने वाले दौर के बारे में बात की है जब उन्होंने एक नहीं बल्कि सात IVF साइकिल करवाए, लेकिन उन्हें लगातार फेलियर का सामना करना पड़ा। ‘तुम हो ना- घर की सुपरस्टार’ के आने वाले एपिसोड में, यूट्यूबर अपनी ताकत और हिम्मत के सफ़र के बारे में बात करती नजर आईं, साथ ही उन्होंने देर से मां बनने के अपने सफ़र और अपने पति अविनाश से मिले सपोर्ट के बारे में भी बताया।

संभावना से पेरेंट बनने से पहले के उनके सफ़र के बारे में पूछने पर, होस्ट राजीव खंडेलवाल ने कहा- "इस खुशी के पल तक पहुंचने से पहले का जो सफ़र था वो कितना ज़रूरी था।" जिस पर संभावना ने जवाब दिया- "10 साल हमारी शादी हो गई अगले महीने 10 साल पूरे हो जाएंगे और क्योंकि हमें पता था कि हमने एक दूसरे से शादी की है, तो भ्रूण फ्रीजिंग हमने शादी से ही पहले कर ली थी सोच रही थी कि जब हमें प्लान करना होगा तो हम आसानी से कर लेंगे। लेकिन कहते हैं ना, ऊपर वाले की मर्जी होती है उसके सामने किसी की नहीं चलती। तो हमारे नसीब में जो लिखा था, वो फेल हुए हमारे। जब हमने ट्रांसप्लांट कराया वो फेल हुए। एक फेलियर, दूसरा फेलियर, लगातार तीसरा हो जाएगा। फिर दोबारा आईवीएफ कराने लगे फिर तीसरा साइकिल, चौथा साइकिल... ऐसे 7 साइकिल IVF के कराए हुए हैं। एक औरत इतना कुछ झेलती है, कि एक औरत में ही इतनी शक्ति हो सकती है।”

अपने पति अविनाश द्विवेदी की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा- "मेरे पति ने मुझे उस वक़्त सपोर्ट किया कि कोई तेरे पीछे हो न हो, मुझे नहीं चाहिए बच्चा, तुम क्यों करना चाह रही हो? मैं खुश हूं। मैं तुम्हारे साथ हूं। लेकिन यह मेरी फाइट थी मैं करना चाहती हूं। मुझे बच्चों से प्यार है, मुझे चाहिए बच्चा। अविनाश के परिवार को देना है ऐसा कोई प्रेशर नहीं था मेरे ऊपर, फिर भी प्यार से मैंने आगे बढ़ाया। और हमने मिलकर फाइट की कि हमें इस जर्नी को अंजाम तक ले जाना है। बाद में, उन्होंने बताया कि बहुत मुश्किलों के बाद, आज उनके हाथों में जुड़वां बच्चे हैं और वह सरोगेसी के नियम की शुक्रगुज़ार हैं, जिसकी वजह से वह मां बन सकीं।