03 JULFRIDAY2026 2:47:19 AM
Nari

बॉयफ्रेंड के इशारे पर सिया ने मंगेतर को खाई मे दिया था धक्का, केतन हत्या केस में हुए कई खुलासे

  • Edited By vasudha,
  • Updated: 26 Jun, 2026 06:45 PM
बॉयफ्रेंड के इशारे पर सिया ने मंगेतर को खाई मे दिया था धक्का, केतन हत्या केस में हुए कई खुलासे

नारी डेस्क: रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या मामले की जांच में सामने आया है कि सह-आरोपी चेतन चौधरी ने ही अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल को उसकी हत्या के लिए उकसाया था। पुलिस के एक अधिकारी ने यह दावा किया। इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने अग्रवाल परिवार की उस मांग को मान लिया है जिसमें मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को विशेष अभियोजक नियुक्त करके फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की बात कही गई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया- ''दोनों आरोपियों से पूछताछ में यह सामने आया कि चौधरी ने ही गोयल को लोहागढ़ किले पर अग्रवाल की हत्या करने के लिए उकसाया था।'' 


 केतन के पिता ने लगाए कई आरोप 

उन्होंने बताया कि मामले में गोयल के भाई से भी पूछताछ की गई है। मीडिया में आई उन खबरों के बारे में पूछे जाने पर, जिनमें दावा किया गया था कि अग्रवाल (25) के विग पहनने के कारण सिया उसे पसंद नहीं करती थी, पुलिस सूत्र ने कहा कि यह सही है कि केतन विग पहनता था, लेकिन यह नहीं कहा जा सकता कि सिया के उसे नापसंद करने का यही एकमात्र कारण था। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि यह सच है कि केतन विग का एक छोटा सा पैच लगाता था और सगाई से पहले ही सिया और उनके परिवार को इस बारे में बता दिया गया था। उन्होंने कहा-''...अगर उसे (सिया) कोई दिक्कत थी, तो उसे मना कर देना चाहिए था। मेरे बेटे की जान लेने की क्या जरूरत थी?'' पुलिस के अनुसार, सिया गोयल (20) और चेतन चौधरी (22) के खिलाफ केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। इन दोनों के आपस में प्रेम संबंध थे। 


किले में जाने के लिए तैयार नहीं था केतन

आरोप है कि 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले में अग्रवाल को एक चट्टान से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई। जांच से जुड़े पुणे देहात पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया था कि चट्टान वाले स्थान पर पहुंचने के बाद पहले से तय संकेत सिया ने चेतन चौधरी को दिया, जिसके बाद चौधरी ने अग्रवाल को पीछे से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस बीच सिया गोयल की मां ने दावा किया कि उनकी बेटी 18 जून को लोहागढ़ किले जाने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन केतन अग्रवाल और उनकी मां ने उसे वहां जाने के लिए मना लिया। उन्होंने कहा- ''17 जून की शाम सिया और केतन के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इस दौरान केतन ने सिया से लोहागढ़ चलने का आग्रह किया। कॉल के दौरान केतन की मां ने भी सिया से बात की और उसके साथ जाने के लिए कहा। सिया ने उन्हें बताया था कि अगले दिन एक पारिवारिक कार्यक्रम है, इसलिए वह ट्रैकिंग पर नहीं जाना चाहती और आराम करना चाहती है।'' 


चार्टर्ड विमान की बातें है झूठी 

वहीं, सिया गोयल के पिता ने उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि शादी के लिए उदयपुर में एक महल बुक किया गया था और मेहमानों के लिए चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा- ''यह सही है कि शादी उदयपुर में होनी थी। होटल का किराया प्रति जोड़े के हिसाब से प्रतिदिन लगभग 81 हजार रुपये था और हमने 70 कमरे बुक किए थे। लेकिन शादी पर हमारा कुल खर्च तीन करोड़ रुपये से अधिक नहीं था।'' इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को पुणे में केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनके बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।  

Related News