28 MARSATURDAY2026 1:32:23 PM
Nari

लग्ज़री फ्लोरिंग इनले

  • Edited By Monika,
  • Updated: 28 Mar, 2026 11:49 AM
लग्ज़री फ्लोरिंग इनले

नारी डेस्क : जब हम किसी बड़े या सुंदर घर में जाते हैं, तो फ़्लोर सबसे पहले ध्यान खींचता है। उसमें बना डिज़ाइन और पत्थरों की कारीगरी ही फ्लोरिंग इनले का कमाल है। फ्लोरिंग इनले यानी फ़्लोर में अलग-अलग रंगों और मटेरियल को मिलाकर एक खूबसूरत डिज़ाइन बनाना। यह सिर्फ फ्लोरिंग नहीं, बल्कि एक आर्टवर्क होती है जो आपके घर को दूसरों से अलग और आकर्षक बनाता है। इनले कोई नई ट्रेंड नहीं, बल्कि सदियों पुरानी कला है। ताज महल से लेकर राजस्थान की हवेलियों तक इसकी झलक मिलती है। आज यह पारंपरिक कला आधुनिक डिज़ाइन के साथ फिर से लोकप्रिय हो रही है।

इनले में कौन-कौन से मटेरियल इस्तेमाल होते हैं?

इनले की खूबसूरती इस बात पर निर्भर करती है कि आपने कौन सा मटेरियल चुना है। आइए जानते हैं सबसे ज़्यादा इस्तेमाल होने वाले और कुछ बेहद खास मटेरियल के बारे में

मार्बल 

मार्बल इनले का सबसे पॉपुलर और शाही ऑप्शन है। इटालियन वाइट, मकराना वाइट, बंगलोर ग्रीन इन सबको मिलाकर जो डिज़ाइन बनता है, वो बेहद सुंदर लगता है। मार्बल ठंडा रहता है, जो हमारी भारतीय गर्मी में बहुत आरामदायक है।

PunjabKesari

ग्रेनाइट

ग्रेनाइट बहुत मज़बूत और टिकाऊ होता है। काले, लाल, भूरे रंग के ग्रेनाइट को मार्बल के साथ मिलाने पर एक शानदार कॉन्ट्रास्ट बनता है। यह उन जगहों के लिए बेस्ट है जहां ज़्यादा लोगों की आवाजाही रहती है, जैसे मेन डोर का एरिया।

PunjabKesari

वुड / पार्केट इनले

लकड़ी की इनले को पार्केट इनले कहते हैं। सागौन, ओक , वॉलनट जैसी लकड़ियों को अलग-अलग दिशाओं में काटकर जोड़ा जाता है। इससे हेरिंगबोन और शेवरॉन  जैसे खूबसूरत पैटर्न बनते हैं। बेडरूम में यह बहुत वॉर्म और कोज़ी फील देता है।

PunjabKesari

ब्रास / मेटल इनले 

पीतल या तांबे की पतली पट्टियाँ पत्थर या लकड़ी की फर्श में जड़ी जाती हैं। रात में लाइट पड़ने पर यह चमकती हैं और घर को आर्ट-डेको जैसा रॉयल लुक देती हैं। यह आजकल बहुत ट्रेंड में है।

PunjabKesari

मदर ऑफ पर्ल 

मदर ऑफ पर्ल सीप की अंदरूनी चमकदार परत है, जिसे ‘नैकर’ के नाम से भी जाना जाता है।यह समुद्री सीपों से निकाली जाती है और इसकी खासियत है इसकी इंद्रधनुषी चमक जो देखने के कोण के साथ रंग बदलती रहती है। सफेद, क्रीम, हल्के गुलाबी और सिल्वर शेड्स में मिलती है। इसे मार्बल या डार्क ग्रेनाइट की फर्श में जड़ने से एक बेहद नाज़ुक और लग्ज़री इफेक्ट आता है। यह खास तौर पर बाथरूम, मास्टर बेडरूम और पूजा रूम में इस्तेमाल होती है। रात में जब लाइट पड़ती है तो यह जादुई चमक बिखेरती है।
सबसे अच्छी बात: यह हर रोशनी में अलग दिखती है। सुबह, शाम और नाइट लाइटिंग में तीनों का नज़ारा अलग होगा
ध्यान रखें: यह थोड़ा नाज़ुक मटेरियल है, इसलिए हाई-ट्रैफिक एरिया में इसे प्रोटेक्टिव सीलेंट से कोट करना ज़रूरी है
सुझाव: किसी डार्क मार्बल। जैसे काला या नेवी ब्लू पत्थर पर मदर ऑफ पर्ल की इनले लगाएँ। कॉन्ट्रास्ट इतना लाजवाब होता है कि देखने वाला बस देखता ही रह जाए।

PunjabKesari

रेज़िन इनले  — आधुनिक और असीमित संभावनाएं

रेज़िन एक लिक्विड मटेरियल है जो सूखने पर बिल्कुल ग्लास  जैसा ट्रांसपेरेंट और मज़बूत हो जाता है। इसे 'एपॉक्सी रेज़िन'  भी कहते हैं। यह आजकल इंटीरियर डिज़ाइन की दुनिया में सबसे ज़्यादा चर्चा में है। रेज़िन इनले में आप कुछ भी मिला सकते हैं। रंग, ग्लिटर, सूखे फूल, शंख, सिक्के, या यहाँ तक कि एलईडी लाइट्स । इसे लकड़ी की दरारों में, पत्थर की जोड़ों में, या पूरी फर्श के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है।
सबसे बड़ा फ़ायदा: इसमें डिज़ाइन की कोई सीमा नहीं। हर डिज़ाइन कस्टम और यूनीक होता है
रंग विकल्प: ट्रांसपेरेंट, मेटेलिक गोल्ड/सिल्वर, ओशन ब्लू, डीप ब्लैक, मार्बल इफेक्ट जो चाहें
खास उपयोग: लकड़ी की टेबल या फर्श की दरारें भरना, मार्बल की जोड़ों को गोल्ड रेज़िन से भरना
ध्यान रखें: रेज़िन फर्श धूप में ज़्यादा देर रहने पर हल्की पीली हो सकती है, इसलिए UV-प्रोटेक्टेड रेज़िन चुनें
सुझाव: 'रिवर टेबल'  की तरह 'रिवर फ्लोर'  का कॉन्सेप्ट अब घरों में आ रहा है। दो स्लैब लकड़ी के बीच नीला या गोल्डन रेज़िन भरकर एक नदी जैसा इफेक्ट बनाया जाता है। यह देखने में बेहद यूनीक और बातचीत का केंद्र बन जाता है।

PunjabKesari

मोज़ेक और ग्लास इनले रंगीन शीशे के छोटे-छोटे टुकड़ों या मोज़ेक टाइल्स से बनी इनले बाथरूम और किचन में शानदार लगती है। इस पर नमी का असर नहीं होता और इसके रंग लंबे समय तक टिके रहते हैं।

सेमी-प्रेशियस स्टोन इनले 

लैपिस लाज़ुली, मैलाकाइट, टाइगर आई जैसे कीमती पत्थर मार्बल की फर्श में जड़े जाते हैं। यह सबसे महंगी और रेयर इनले होती है। पूजा रूम, मास्टर बेडरूम में इसका इस्तेमाल घर को एक अलग ही क्लास देता है।

PunjabKesari

टेराज़ो 

टेराज़ो एक मिक्स्ड मटेरियल है जिसमें मार्बल, ग्रेनाइट और ग्लास के टुकड़ों को सीमेंट या रेज़िन में मिलाकर पॉलिश किया जाता है। यह बहुत टिकाऊ और स्टाइलिश होता है। इसमें कस्टम डिज़ाइन बनाना आसान है और दाम भी थोड़ा कम पड़ता है।

PunjabKesari

कौन से कमरे में कैसी इनले करें, रूम बाय रूम गाइड

हर कमरे की ज़रूरत और माहौल अलग होता है। इसलिए हर जगह के लिए इनले का चुनाव भी अलग तरीके से करना चाहिए।
लिविंग रूम: पहला इम्प्रेशन यहीं बनता है। लिविंग रूम वो जगह है जहाँ मेहमान सबसे पहले आते हैं। यहाँ की इनले भव्य और आँखों को खींचने वाली होनी चाहिए।
मटेरियल: सफेद और काले मार्बल का मेल, पीतल की बॉर्डर, टेराज़ो
पैटर्न: बीच में गोल मेडेलियन , कोनों में डिज़ाइन, फूल-पत्ती की बनावट
रंग: क्रीम + चारकोल + गोल्डन — शाही और मॉडर्न दोनों एक साथ
वास्तु सुझाव: लिविंग रूम के सेंटर में सूरज या कमल का निशान पॉज़िटिव एनर्जी लाता है
सुझाव: सोफे के नीचे एक रग जैसा इनले पैटर्न बनाएं। पूरा रूम एक साथ बंधा हुआ लगेगा।

मास्टर बेडरूम 

बेडरूम में फर्श का एहसास नरम, गर्म और शांत होना चाहिए। यहाँ बहुत तेज़ कॉन्ट्रास्ट सही नहीं लगता।
मटेरियल: वॉलनट वुड पार्केट + मदर ऑफ पर्ल की नाज़ुक जड़ाई। एक सपने जैसा कॉम्बिनेशन
पैटर्न: हेरिंगबोन पार्केट, बेड के आगे गोल मेडेलियन, हल्का बॉर्डर
रंग: वॉर्म ब्राउन + क्रीम + रोज़ गोल्ड + पर्ल वाइट आरामदायक और लग्ज़री
वास्तु सुझाव: साउथ-वेस्ट दिशा में गहरे रंग की इनले नींद अच्छी करती है
सुझाव: डार्क वुड फ्लोर की दरारों में गोल्डन या पर्ल वाइट रेज़िन भरवाएं। यह रात की लाइटिंग में जादुई लगता है।

एंट्रेंस / फ़ोयर 

एंट्रेंस वो पहली जगह है जो लोग देखते हैं। यहाँ की इनले सबसे इम्प्रेसिव होनी चाहिए।
मटेरियल: ग्रेनाइट और मार्बल का मेल, पीतल की जड़ाई, गोल्डन रेज़िन जोड़ों में
पैटर्न: गोल वेलकम मेडेलियन, स्टार और ऑक्टागन डिज़ाइन
रंग: काला + गोल्ड + सफेद, पावरफुल और शानदार
सुझाव: ब्लैक ग्रेनाइट की जोड़ों में गोल्ड रेज़िन भरवाएं। यह 'गोल्ड वेन्ड मार्बल' जैसा दिखता है और बेहद प्रीमियम लगता है।

किचन 

किचन में इनले उतनी ही मज़बूत होनी चाहिए जितनी सुंदर। यहाँ साफ करना आसान हो और फर्श फिसलन-रोधी हो।
मटेरियल: विट्रिफाइड टाइल्स + ग्रेनाइट बॉर्डर + मोज़ेक एक्सेंट
पैटर्न: किचन के बीच जियोमेट्रिक बॉर्डर, डाइनिंग एरिया में साधारण फ्रेम डिज़ाइन
रंग: सफेद + ग्रे + टेराकोटा, साफ-सुथरा और एनर्जेटिक
वास्तु सुझाव: किचन में हल्के लाल या ऑरेंज रंग का इनले एक्सेंट अग्नि तत्व को एक्टिव करता है।

बाथरूम 

बाथरूम की फर्श में सही इनले लगाने से यह किसी फाइव-स्टार होटल जैसा लगने लगता है।
मटेरियल: मदर ऑफ पर्ल + ग्लास मोज़ेक + पेबल स्टोन, यह तीनों मिलकर बाथरूम को एक अंडरवॉटर जैसा बना देते हैं
पैटर्न: शॉवर एरिया में पेबल स्टोन का गोल डिज़ाइन, वैनिटी के आगे मदर ऑफ पर्ल मोज़ेक
रंग: ऑफ वाइट + सी ब्लू + पर्ल व्हाइट + सिल्वर, शांत और फ्रेश
सुझाव: बाथरूम की दीवार और फर्श दोनों पर मदर ऑफ पर्ल मोज़ेक लगाएं। जब लाइट पड़ेगी तो पूरा रूम रंगीन चमक से भर जाएगा।

पूजा रूम 

पूजाघर की फर्श में सकारात्मक ऊर्जा होनी चाहिए। यहां की इनले पवित्र निशानों और गर्म रंगों से बनी होनी चाहिए।
मटेरियल: सफेद मार्बल + मदर ऑफ पर्ल का मेल पवित्रता और दिव्य चमक एक साथ
पैटर्न: अष्टदल कमल, स्वस्तिक, ॐ का निशान, रंगोली-इंस्पायर्ड जियोमेट्रिक डिज़ाइन
रंग: शुद्ध सफेद + पीला + केसरिया + पर्ल वाइट, पवित्र और उजला
वास्तु टिप: नॉर्थ-ईस्ट (ईशान कोण) में पीले या सुनहरे रंग की इनले ज्ञान और शांति बढ़ाती है💡 सुझाव: पूजा रूम के फ़्लोर पर सफेद मार्बल में मदर ऑफ पर्ल से बना कमल का फूल, जगह को पवित्र और आकर्षक बना देता है।

होम ऑफिस / स्टडी रूम 

पढ़ाई या काम की जगह पर फर्श ऐसी होनी चाहिए जो ध्यान बढ़ाए और मन को फोकस्ड रखे।
मटेरियल: डार्क वुड पार्केट + सिल्वर रेज़िन जोड़ों में प्रोफेशनल और मॉडर्न
पैटर्न: हेरिंगबोन वुड, साफ-सुथरा जियोमेट्रिक बॉर्डर
रंग: चारकोल + ऑक्सफोर्ड ग्रे + गोल्डन बॉर्डर स्मार्ट और पेशेवर
वास्तु टिप: नॉर्थ दिशा में हल्के हरे या नीले रंग का इनले डिज़ाइन बुद्धि और करियर के लिए  अच्छा माना जाता है।

फेमस इनले पैटर्न 

डिज़ाइन तय होने के बाद सबसे ज़रूरी है। सही पैटर्न चुनना।हर पैटर्न की अपनी एक पहचान होती है।
मेडेलियन : गोलाकार सेंट्रल डिज़ाइन जो पूरे कमरे का फोकस पॉइंट बनता है। फ़ोयर और लिविंग रूम के लिए बेस्ट
हेरिंगबोन : V-शेप में लगाई गई लकड़ी या पत्थर की पट्टियाँ। एनर्जेटिक और मॉडर्न लुक
शेवरॉन : हेरिंगबोन जैसा लेकिन कोनों पर कटे हुए किनारों के साथ  और ज़्यादा रिफाइन्ड दिखता है
रिवर इफेक्ट : दो स्लैब के बीच नीला या गोल्डन रेज़िन भरकर नदी जैसा डिज़ाइन यह सबसे ट्रेंडी है
पर्ल मोज़ेक : मदर ऑफ पर्ल के छोटे-छोटे टुकड़ों से बना पैटर्न, बाथरूम और बेडरूम में जादुई लगता है
बास्केटवीव : बुनी हुई टोकरी जैसा पैटर्न। किचन और बाथरूम का क्लासिक ऑप्शन
वर्साय पैटर्न : फ्रेंच शाही महलों से इंस्पायर्ड। बड़े और छोटे पत्थरों का मिला-जुला डिज़ाइन
बॉर्डर इनले : कमरे के चारों किनारों पर एक सजावटी लाइन जो पूरे रूम को फ्रेम करती है
फ्लोरल मोटिफ : फूल-पत्तियों की आकृतियां मुगल आर्ट और भारतीय परंपरा से प्रेरित।

देखभाल कैसे करें?

मार्बल और पत्थर की इनले को हर 2-3 साल में रिपॉलिश कराएं
मदर ऑफ पर्ल पर हमेशा प्रोटेक्टिव सीलेंट लगाएं। यह नाज़ुक होती है
रेज़िन फर्श पर UV-प्रोटेक्टेड कोटिंग लगाएं ताकि रंग पीला न पड़े
ब्रास जड़ाई को दाग से बचाने के लिए प्रोटेक्टिव कोटिंग ज़रूरी है
वुड इनले को नमी से बचाएं। वॉटर-रेज़िस्टेंट सीलेंट लगवाएं
हार्श केमिकल क्लींजर यूज़ न करें। pH-न्यूट्रल क्लीनर ही सही रहता है।

फ्लोरिंग इनले सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि आपके स्टाइल और सोच की एक सिग्नेचर पहचान है। असली लग्ज़री कीमत में नहीं, बल्कि सही चुनाव, बेहतरीन कारीगरी और समय के साथ कायम रहने वाली खूबसूरती में होती है।

लेखक: रक्षा सेठी, इंटीरियर डिज़ाइनर एवं वास्तु कन्सल्टेंट इंदौर
 

Related News