17 MAYFRIDAY2024 11:19:26 AM
Nari

फेमस सिंगर बप्पी लहरी ने 69 साल उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, बीती रात मुंबई के अस्पताल में हुआ निधन

  • Edited By Priya dhir,
  • Updated: 16 Feb, 2022 09:59 AM
फेमस सिंगर बप्पी लहरी ने 69 साल उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, बीती रात मुंबई के अस्पताल में हुआ निधन

आज सुबह ही बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद बुरी खबर सामने आई। फेमस म्यूजिक डायरेक्टर बप्पी लहरी दुनिया को अलविदा कह गए। रिपोर्ट्स की माने तो उन्होंने बीती रात 11 बजे मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। 69 साल के बप्पी लहरी को मंगलवार ही अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, "बप्पी लहरी को एक महीने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सोमवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके परिवार ने एक डॉक्टर को उनके घर बुलाया। उन्हें फिर अस्पताल लाया गया। उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। 

वही पिछले साल बप्पी लहरी कोरोना पॉजिटिव भी पाए गए थे जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था। म्यूजिक इंडस्ट्री में बप्पी लहरी को डिस्को किंग भी कहा जाता था और उनका असली नाम अलोकेश लाहिड़ी था। बप्पी लहरी की मौत के बाद जुहू के क्रिटी केयर अस्पताल के डॉक्टर ने अपने ऑफिशियल बयान जारी किया है, जिसके मुताबिक बप्पी दा OSA- ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया और बार-बार सीने में संक्रमण से पीड़ित थे।

वही बप्पी लहरी के निधन की खबर सुन हर किसी का दिल टूट गया। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें याद कर इमोशनल हो रहे हैं। इसी बीच डिस्को किंग की आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इस पोस्ट से बात पता चल रही है कि आखिरी दिनों में बप्पी दा अपने पुराने दिनों को काफी याद कर रहे थे। 

बप्पी लहरी ने इंस्टाग्राम पर अपनी पुरानी तस्वीर शेयर की थी, जिसमें उनका कुल अंदाज दिखाई दे रहा है। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, 'ओल्ड हमेशा गोल्ड ही रहता है...।' उनकी इस तस्वीर के कॉमेंट बॉक्स में फैन्स उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआएं मांग रहे हैं। एक फैन ने लिखा है, 'हम आपको बहुत मिस करेंगे दादा...म्यूजिक इंडस्ट्री के लीजेंड...आपकी आत्मा को शांति मिले।' 

बता दें कि इस तस्वीर से पहले बप्पी लहरी ने सोशल मीडिया पर स्वरकोकिला लता मंगेशकर के निधन पर दिल छू वाली पोस्ट शेयर की थी। लता मंगेशकर की पुरानी तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में 'मां' लिखा था। इस तस्वीर में नन्हे-मुन्हें बप्पी दा उनकी गोद में नजर आ रहे हैं।

देखा जाए तो साल 2022 म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए काल साबित हो रहा है। 6 फरवरी को स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने दुनिया को अलविदा कहा और उनकी मौत के 9 दिन बाद बप्पी लहरी का निधन हो गया। अभी तक फैंस लता दीदी के जाने के गम को भूल नहीं पाए थे और अब बप्पी दा इस दुनिया को अलविदा कह गए। 

बता दें कि बप्पी लहरी का जन्म 27 नवंबर 1952 को कोलकत्ता में हुआ था। अपने अलग अंदाज की वजह से उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाई थी। इंडस्ट्री के लिए उन्होंने अपने 48 साल दिए। उन्होंने अपने करियर में लगभग 5,000 गाने कंपोज किए, जिसमें उन्होंने हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, गुजराती, मराठी, पंजाबी, उड़िया, भोजपुरी, आसमी भाषाओं के साथ-साथ बांग्लादेश की फिल्मों और अंग्रेजी गानों को भी कंपोज किया था।

वही कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ी थी कि बप्पी लहरी की सेहत खराब है और उन्होंने अपनी आवाज खो दी है लेकिन खुद बप्पी दा ने इन खबरों को खारिज किया था। बप्पी दा ने लिखा था- ये जानकर दुख हो रहा है कि कुछ मीडिया हाउस में मेरी सेहत और आवाज को लेकर गलत खबरें आईं। मेरे फैंस और मेरा अच्छा चाहने वालों की दुआओं से मैं अच्छा हूं।

बप्पी लहरी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, "बप्पी लाहिरी जी का संगीत सर्वांगीण था और विविध भावनाओं को खूबसूरती से व्यक्त करता था। उनका जीवंत स्वभाव सभी को याद रहेगा। उनके निधन से दुखी हूं।"

बप्पी लहरी भले ही हमारे बीच नहीं रहे लेकिन वो लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। 
 

Related News