
नारी डेस्क: अभिनेता आमिर खान ने एक बार एक लड़की के ठुकराने पर अपना सिर मुंडवा लिया था, और वह भी अपने बॉलीवुड डेब्यू से ठीक पहले। शुरुआत में लोगों को लगा कि उन्होंने ऐसा अपने किसी आने वाले प्रोजेक्ट के लिए किया है लेकिन 'रेंडेवू विद सिमी गरेवाल' शो में आमिर ने इसके पीछे की असली वजह बताई। आमिर ने दिग्गज अभिनेत्री से कहा- "बहुत से लोगों को लगता है कि मैंने किसी फिल्म के लिए अपना सिर मुंडवाया था, जबकि असल में मैंने किसी और वजह से ऐसा किया था।"

'सितारे जमीन पर' के अभिनेता ने बताया कि उन्होंने एक लड़की के यह कहने पर अपना सिर मुंडवा लिया था कि वह उनसे प्यार नहीं करती। एक्टर ने याद करते हुए बताया- "मैं उस लड़की को खो बैठा जिससे मैं प्यार करता था। एक दिन उसने मुझसे कहा कि वह मुझसे प्यार नहीं करती, और इसी बात पर मैंने अपना सिर मुंडवा लिया। यह काफी बचकाना और अपरिपक्व हरकत थी, लेकिन उस समय मैंने ऐसा ही किया था। फिर जब केतन ने मुझे मिलने के लिए बुलाया, तो मैं उनके पास गया और उन्होंने पूछा, 'तुम्हारे बाल कहां गए?'" जब सिमी ने कहा कि आमिर एक 'बहुत ही गहरे प्रेमी' (intense lover) हैं, तो आमिर ने जवाब दिया- "हां शायद ऐसा ही है। सुनकर तो ऐसा ही लगता है।"

रिश्ता क्यों नहीं चल पाया, इस बारे में और जानकारी देते हुए आमिर ने कहा- "अगर आप काफी समय तक किसी रिश्ते में रहते हैं, और आपको पता चलता है कि सामने वाली लड़की आपसे प्यार नहीं करती या आपकी कद्र नहीं करती, तो मैं उसके इस फैसले का पूरा सम्मान करता हूं। आज भी मैं उसके उस फैसले की इज्जत करता हूं।" आमिर की लव लाइफ की बात करें तो, उन्होंने इस साल 5 जुलाई को अपनी प्रेमिका गौरी स्प्राट से तीसरी बार शादी की। उन्होंने सबसे पहले रीना दत्ता से शादी की थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं - बेटा जुनैद और बेटी इरा खान। हालांकि, 2002 में यह जोड़ा अलग हो गया। उन्होंने 2005 में दूसरी बार शादी की, जब उन्होंने किरण राव से विवाह किया। उनका एक बेटा है, जिसका नाम आज़ाद राव खान है। आमिर और किरण का भी 2021 में तलाक हो गया।