18 MAYMONDAY2026 2:26:50 PM
Nari

ये आदतें महिलाओं के एग्स को बना रही कमजोर, मां बनना है तो न करें ये गलती

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 18 May, 2026 11:39 AM
ये आदतें महिलाओं के एग्स को बना रही कमजोर, मां बनना है तो न करें ये गलती

नारी डेस्क:  आज की तेज रफ्तार और तनावभरी जिंदगी का असर सिर्फ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि महिलाओं की प्रजनन क्षमता पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कोई महिला भविष्य में मां बनने की योजना बना रही है तो उसके शरीर में मौजूद एग्स  का स्वस्थ होना बेहद जरूरी है। यही एग्स गर्भधारण की पूरी प्रक्रिया में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, एग्स की गुणवत्ता जितनी बेहतर होती है, गर्भधारण की संभावना भी उतनी ही अधिक रहती है। लेकिन बदलती लाइफस्टाइल और कुछ गलत आदतें धीरे-धीरे इन एग्स को कमजोर कर सकती हैं, जिससे आगे चलकर इनफर्टिलिटी यानी बांझपन का खतरा बढ़ सकता है।

PunjabKesari

जन्म से मौजूद होते हैं एग्स, उम्र के साथ घटती है गुणवत्ता

महिलाओं के शरीर में एग्स जन्म से ही मौजूद होते हैं। समय के साथ उनकी संख्या और गुणवत्ता दोनों कम होने लगती हैं। हालांकि सिर्फ बढ़ती उम्र ही इसका कारण नहीं है। खराब खानपान, नींद की कमी, धूम्रपान, शराब और लगातार तनाव जैसी आदतें भी एग्स की सेहत पर नकारात्मक असर डालती हैं। यही वजह है कि आजकल कम उम्र की महिलाओं में भी फर्टिलिटी से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।

पौष्टिक आहार से बेहतर हो सकती है फर्टिलिटी

विशेषज्ञ मानते हैं कि महिलाओं की प्रजनन क्षमता को बेहतर बनाए रखने में संतुलित और पौष्टिक आहार की बड़ी भूमिका होती है। रोजाना ताजे फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक चीजें खाने से शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स मिलते हैं। ये पोषक तत्व शरीर की कोशिकाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ एग्स की गुणवत्ता सुधारने में भी मदद करते हैं।

फोलिक एसिड है बेहद जरूरी

फर्टिलिटी बढ़ाने के लिए फोलिक एसिड को सबसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों में माना जाता है। डॉक्टर अक्सर गर्भधारण की तैयारी कर रही महिलाओं को फोलिक एसिड लेने की सलाह देते हैं। यह शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है और प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर करने में मदद करता है। फोलिक एसिड दालों, चने, हरी पत्तेदार सब्जियों और साबुत अनाज में अच्छी मात्रा में पाया जाता है।

ओमेगा-3 फैटी एसिड भी है फायदेमंद

महिलाओं के हार्मोन को संतुलित बनाए रखने में ओमेगा-3 फैटी एसिड महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह एग्स बनने की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है। अखरोट, अलसी के बीज और कुछ अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ ओमेगा-3 के अच्छे स्रोत माने जाते हैं।

PunjabKesari

येे भी पढ़ें: Periods के रंग बताते हैं आपकी सेहत का हाल! 40 के बाद इन बदलावों को भूलकर भी न करें Ignore

नींद की कमी बिगाड़ सकती है हार्मोन संतुलन

आजकल देर रात तक जागना और पर्याप्त नींद न लेना आम बात हो गई है, लेकिन इसका सीधा असर महिलाओं की फर्टिलिटी पर पड़ सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, यदि शरीर को पर्याप्त आराम नहीं मिलता, तो हार्मोन का संतुलन बिगड़ने लगता है। इससे मासिक धर्म अनियमित हो सकता है और गर्भधारण में भी दिक्कतें आ सकती हैं। इसलिए रोजाना कम से कम 7 से 8 घंटे की अच्छी और गहरी नींद लेना बेहद जरूरी माना जाता है।

तनाव भी बन सकता है बड़ी वजह

लगातार तनाव और चिंता महिलाओं की प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं। ज्यादा स्ट्रेस लेने से शरीर में हार्मोनल बदलाव होने लगते हैं, जिसका असर पीरियड्स और ओव्यूलेशन पर पड़ता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि महिलाओं को मानसिक रूप से शांत रहने की कोशिश करनी चाहिए। योग, मेडिटेशन और नियमित एक्सरसाइज तनाव कम करने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं।

धूम्रपान और शराब से बढ़ सकता है इनफर्टिलिटी का खतरा

डॉक्टरों का कहना है कि धूम्रपान और शराब का अधिक सेवन महिलाओं के एग्स को नुकसान पहुंचा सकता है। ये आदतें एग्स की गुणवत्ता को कमजोर कर देती हैं, जिससे भविष्य में मां बनने की संभावना कम हो सकती है। इतना ही नहीं, लंबे समय तक ऐसी आदतें अपनाने से गर्भधारण में देरी या अन्य प्रजनन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए यदि कोई महिला भविष्य में मां बनने की योजना बना रही है, तो उसे इन आदतों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।

PunjabKesari

विशेषज्ञों का मानना है कि सही खानपान, पर्याप्त नींद, तनाव से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर महिलाओं की फर्टिलिटी को काफी हद तक बेहतर रखा जा सकता है। छोटी-छोटी अच्छी आदतें भविष्य में मां बनने के सपने को आसान बना सकती हैं। अगर किसी महिला को लंबे समय से गर्भधारण में दिक्कत हो रही है या पीरियड्स अनियमित हैं, तो बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
 
 

 
  
 

Related News