
नारी डेस्क: जबलपुर नाव दुर्घटना तो हर किसी को याद होगी ही जहां कई लोगों के साथ मां- बेटा भी पानी में समा गए थे। मरने के बाद भी 4 साल का बच्चा अपनी मां के साथ चिपका हुआ था मानो वह आखिरी पल तक यही उम्मीद कर रहा था कि उसकी मां उसे बचा लेगी। मां- बेटा ताे एक साथ दुनिया को छोड़ कर चले गए पीछे रह गया बेबस बाप और एक बेटी जिसने अपनी मां के साथ- साथ अपने भाई को भी खो दिया। हाल ही में बच्चे के पिता ने ऐसी बात बताई जिसे सुन मन में यही आया कि काश वह उस दिन अपने बेटे की बात सुन लेते।

जबलपुर नाव दुर्घटना के बाद, लोगों के दिल तब सुन्न पड़ गए जब एक 4 साल के बच्चे और उसकी मां की तस्वीर वायरल हुई, जिसमें वे दोनों एक-दूसरे को कसकर पकड़े हुए थे। Zee Switch को दिए एक इंटरव्यू में, घटना से ठीक पहले के पलों को याद करते हुए, 4 साल के त्रिशन के पिता प्रदीप कुमार बताते हैं कि उनके बेटे को पहले ही कुछ आभास हो गया था। दुखी पिता कहते हैं- "मेरे बेटे को तो कुछ दिख गया था" ।उन्होंने बताया कि नाव पर चढ़ने से पहले ही उनके बेटे को पानी से अजीब सा डर लग रहा था। बच्चे के शब्दों को याद करते हुए उन्होंने कहा- "पापा, पानी में नहीं जाना चाहिए... पानी में डूब जाते हैं"।

पिता को क्रूज़ के अंदर का एक और पल याद आया, जो अब उन्हें बहुत ज़्यादा परेशान करता है। जब उन्होंने अपने बेटे को अपनी गोद में उठाया हुआ था, तो बच्चे ने कुछ अजीब सी बात कही जैसे कि उसने तूफ़ान या अफरा-तफरी के कोई भी संकेत मिलने से पहले ही कुछ देख लिया हो। उसने पूछा- “पापा, क्या हम डूब रहे हैं?” उस समय, प्रदीप कुमार ने इस बात पर ज़्यादा ध्यान नहीं दिया और बच्चे को डांट दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा- “मेरी डांट के बाद वह इतना सहम गया... मुझे लगा कि उसे सच में कुछ दिख गया था,” । सिया, जो त्रिशान की बहन है, उसे भी अपने भाई के शब्द याद थे। उसने बताया कि जब परिवार टूर के लिए निकल रहा था, तब भी उस छोटे बच्चे ने कहा था,- “पापा, हमें पानी में नहीं जाना चाहिए।”
अब जब परिवार के बचे हुए सदस्य दिल्ली में अपने घर लौट आए हैं, तो उस दुखद घटना की यादें उनकी ज़िंदगी के हर कोने में दर्द के साथ बनी हुई हैं।दुखी पिता ने बीबीसी हिंदी से बात करते हुए दर्द से कांपती आवाज़ में कहा- “जब जब उनका सामान देखेंगे, तब तब उनकी यादें आएंगी…” । घर में अभी भी बिना छुए पड़े बैग की ओर इशारा करते हुए, उन्होंने बताया कि सब कुछ ठीक वैसा ही है जैसा उनकी पत्नी ने ट्रिप के लिए पैक किया था। हादसे के बाद एयरपोर्ट से लौटने के बाद से, परिवार में सामान खोलने की भी हिम्मत नहीं हुई है।