नारी डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर एक अहम और राहत भरा फैसला सुनाया है। अदालत ने साफ कहा है कि केवल Boss का Order न मानने या अनुशासनहीनता के आरोप के आधार पर किसी कर्मचारी की नौकरी नहीं छीनी जा सकती। कोर्ट के मुताबिक नौकरी से निकालने जैसी सख्त कार्रवाई तभी उचित मानी जाएगी, जब मामला भ्रष्टाचार, गंभीर कदाचार या संस्थान को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर परिस्थितियों से जुड़ा हो। यह फैसला लाखों कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है कि कार्यस्थल पर न्याय और संतुलन दोनों जरूरी हैं। बता दे कि ये यह टिप्पणी जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन.के. सिंह की पीठ ने एक मामले की सुनवाई के दौरान की।
कार्यस्थल पर अनुशासन जरूरी, लेकिन सजा भी हो संतुलित
सुप्रीम कोर्ट ने माना कि किसी भी संस्थान में अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है। हालांकि, अदालत ने यह भी कहा कि अनुशासन बनाए रखने के नाम पर हर गलती के लिए कर्मचारी को नौकरी से निकाल देना उचित नहीं है। पीठ ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी पर भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, अनैतिक आचरण, फंड के दुरुपयोग, संस्था को आर्थिक नुकसान पहुंचाने या सार्वजनिक रूप से संगठन की छवि खराब करने जैसे गंभीर आरोप नहीं हैं, तो नौकरी से निकालना अत्यधिक कठोर कार्रवाई मानी जाएगी।
सजा और गलती के बीच होना चाहिए संतुलन
अदालत ने अपने फैसले में इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी कर्मचारी को दी जाने वाली सजा उसकी गलती की गंभीरता के अनुरूप होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, किसी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करते समय उसके पूरे सेवा रिकॉर्ड, परिस्थितियों और संस्थान पर पड़े वास्तविक प्रभाव को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। केवल एक घटना के आधार पर किसी व्यक्ति का पूरा करियर खत्म कर देना न्यायसंगत नहीं माना जा सकता।
महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी का मामला
यह मामला महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) के एक कर्मचारी से जुड़ा था। कर्मचारी को वर्ष 2017 में नौकरी से निकाल दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने इस बर्खास्तगी आदेश को रद्द करते हुए कहा कि नौकरी से निकाला जाना केवल रोजगार समाप्त होने तक सीमित नहीं होता, बल्कि इसका असर कर्मचारी के पूरे भविष्य पर पड़ता है।
नौकरी से निकाले जाने का असर पूरे परिवार पर पड़ता है
अदालत ने कहा कि किसी व्यक्ति की नौकरी छिनने का असर सिर्फ उसकी आय पर नहीं पड़ता, बल्कि उसके परिवार के उन सदस्यों पर भी पड़ता है जो उस पर आर्थिक रूप से निर्भर होते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने माना कि बर्खास्तगी के बाद कर्मचारी न केवल अपनी वर्तमान आय खो देता है, बल्कि कई मामलों में उसे रिटायरमेंट से जुड़े लाभ भी नहीं मिल पाते। इससे उसके भविष्य की आर्थिक सुरक्षा पर भी असर पड़ता है।
भविष्य की नौकरी पर भी पड़ सकता है असर
जस्टिस एन.के. सिंह ने कहा कि नौकरी से निकाले जाने का दाग व्यक्ति के सेवा रिकॉर्ड पर स्थायी रूप से दर्ज हो जाता है। इसका असर भविष्य में नौकरी पाने की संभावनाओं पर भी पड़ सकता है। विशेष रूप से सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, वैधानिक संस्थानों और अन्य विनियमित क्षेत्रों में भर्ती के दौरान उम्मीदवार के पिछले रिकॉर्ड को महत्व दिया जाता है। ऐसे में बर्खास्तगी का फैसला किसी व्यक्ति के पूरे करियर को प्रभावित कर सकता है।
केवल गंभीर मामलों में ही हो बर्खास्तगी
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि नौकरी से निकालने जैसी सजा केवल उन्हीं मामलों में दी जानी चाहिए, जहां कर्मचारी का आचरण इतना गंभीर हो कि उसके प्रति नरमी बरतना उचित न हो। अदालत ने कहा कि भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, गंभीर अनैतिक गतिविधियों या संस्था को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने जैसे मामलों में ही बर्खास्तगी को उचित ठहराया जा सकता है।
21 साल की सेवा को भी माना अहम
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने संबंधित कर्मचारी की 21 वर्षों की सेवा को भी महत्वपूर्ण माना। कर्मचारी अब सेवानिवृत्ति की आयु भी पार कर चुकी हैं।
इसी को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कर्मचारी पर लगाए गए आरोपों और प्रस्तावित सजा पर दोबारा विचार करें। आरोपों में कथित अनुशासनहीनता, आदेशों की अवहेलना और सरकारी दस्तावेजों को नष्ट करने जैसी बातें शामिल थीं।
फैसले का व्यापक संदेश
सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है। अदालत ने साफ कर दिया है कि अनुशासन बनाए रखना जरूरी है, लेकिन सजा तय करते समय न्याय, संतुलन और मानवीय पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह फैसला इस बात पर जोर देता है कि किसी कर्मचारी की वर्षों की सेवा और उसके भविष्य को ध्यान में रखे बिना केवल अनुशासनहीनता के आधार पर नौकरी से निकालना उचित नहीं माना जा सकता।