28 JULTUESDAY2026 6:50:27 PM
Nari

नहीं रहे दिग्गज अभिनेता देव आनंद के बेटे सुनील आनंद, खबर से भावुक हुए फैंस

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 28 Jul, 2026 05:28 PM
नहीं रहे दिग्गज अभिनेता देव आनंद के बेटे सुनील आनंद, खबर से भावुक हुए फैंस

नारी डेस्क: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता स्वर्गीय देव आनंद के बेटे सुनील आनंद के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह लंदन में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया। इस खबर ने देव आनंद के प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों को भावुक कर दिया है।

उसी अस्पताल में ली अंतिम सांस, जहां 2011 में हुआ था देव आनंद का निधन

बताया जा रहा है कि सुनील आनंद ने लंदन के उसी अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां वर्ष 2011 में उनके पिता देव आनंद का भी निधन हुआ था। इस संयोग ने इस दुखद घटना को और अधिक भावुक बना दिया है। देव आनंद के चाहने वाले सोशल मीडिया पर उन्हें और उनके बेटे को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

परिवार ने निजता बनाए रखने की अपील की

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार की ओर से इस दुखद समाचार की पुष्टि की गई है। सुनील आनंद की रिश्तेदार जीना नारंग ने एक बयान जारी कर कहा कि परिवार इस कठिन समय से गुजर रहा है और लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने संवेदनाएं व्यक्त करने वाले सभी लोगों का आभार भी जताया।

लेखिका अनीता पड्डा ने भी जताया दुख

प्रसिद्ध लेखिका अनीता पड्डा ने भी सुनील आनंद के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि देव आनंद के निधन के बाद सुनील लंदन में ही रहने लगे थे। उनके अनुसार, यह फिल्म जगत और देव आनंद के प्रशंसकों के लिए बेहद दुखद क्षण है। फिल्मी परिवार में हुआ था जन्म सुनील आनंद का जन्म हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। उनके पिता देव आनंद और मां कल्पना कार्तिक दोनों ही फिल्म जगत के जाने-माने नाम रहे। परिवार में चेतन आनंद और विजय आनंद जैसे दिग्गज फिल्मकार भी रहे, जिनका भारतीय सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।

पढ़ाई के बाद फिल्मों में रखा कदम

सुनील आनंद ने अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी स्थित अमेरिकन यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए अभिनय की दुनिया में कदम रखा। साल 1984 में उन्होंने फिल्म 'आनंद और आनंद' से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ राखी, स्मिता पाटिल और बिस्वजीत चटर्जी जैसे कलाकार नजर आए थे। हालांकि फिल्म दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सकी और बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही।

पिता जैसी सफलता नहीं मिल सकी

पहली फिल्म के बाद सुनील आनंद ने 'कार थीफ', 'मैं तेरे लिए' और 'मास्टर' जैसी फिल्मों में भी काम किया। बावजूद इसके, उन्हें अपने पिता देव आनंद जैसी लोकप्रियता और सफलता हासिल नहीं हो सकी। बाद के वर्षों में उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली और अपेक्षाकृत निजी जीवन जीना पसंद किया। भले ही सुनील आनंद अभिनय के क्षेत्र में बड़ी पहचान नहीं बना पाए, लेकिन उन्हें हमेशा देव आनंद की विरासत से जोड़कर देखा गया। उनके परिवार का भारतीय सिनेमा के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रहा है और यही वजह है कि उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक का माहौल बताया जा रहा है.
  
 

Related News