28 AUGFRIDAY2026 2:12:53 PM
Life Style

मुस्लिम होकर महादेव की पूजा, पति संग रुद्राभिषेक करने पर ट्रोल हुईं Singer

  • Edited By Monika,
  • Updated: 27 Aug, 2026 04:42 PM
मुस्लिम होकर महादेव की पूजा, पति संग रुद्राभिषेक करने पर ट्रोल हुईं Singer

नारी डेस्क : पंजाबी और हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री की लोकप्रिय गायिका अफसाना खान इन दिनों अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। अफसाना ने हाल ही में पति साज यानी साजन शर्मा के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। पोस्ट सामने आने के बाद जहां कई प्रशंसकों ने उनकी भक्ति की तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।

पति के साथ शिवलिंग का किया रुद्राभिषेक

अफसाना खान ने अपने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह पति साजन शर्मा के साथ शिवलिंग का रुद्राभिषेक करती नजर आ रही हैं। तस्वीरों में दोनों भगवान शिव की पूजा करते दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ अफसाना ने लिखा, 'मेरी ताकत मेरा महादेव है।' उनकी पोस्ट पर कई प्रशंसकों ने प्यार और शुभकामनाएं दीं। कुछ लोगों ने कमेंट कर उनकी भक्ति की सराहना भी की।

PunjabKesari

कुछ यूजर्स ने किया ट्रोल

अफसाना की पोस्ट पर सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बीच कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें निशाने पर ले लिया। कुछ लोगों ने उनकी धार्मिक आस्था पर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने उनके परिवार और परवरिश को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। एक यूजर ने अफसाना को 'अपना नाम और धर्म बदल लेने' की सलाह दी। वहीं, कुछ अन्य यूजर्स ने उनके धर्म और उनकी आस्था को लेकर सवाल खड़े किए। हालांकि, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने ट्रोलिंग का विरोध करते हुए अफसाना का समर्थन भी किया।

PunjabKesari

अलग-अलग धर्मों से ताल्लुक रखते हैं अफसाना और साज

अफसाना खान और साजन शर्मा की शादी भी काफी चर्चा में रही है। दोनों अलग-अलग धार्मिक पृष्ठभूमि से आते हैं। अफसाना पंजाब के एक मुस्लिम परिवार से हैं, जबकि उनके पति साजन शर्मा पंजाबी गायक और संगीत निर्माता हैं। अफसाना का परिवार भी संगीत से जुड़ा रहा है। उनके पिता शीरा खान पंजाबी गायक थे, जबकि उनके भाई खुदा बख्श भी संगीत की दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं।

PunjabKesari

महाकाल के दर्शन भी कर चुकी हैं अफसाना

अफसाना खान इससे पहले भी हिंदू धार्मिक स्थलों पर अपनी आस्था जाहिर कर चुकी हैं। इसी साल जुलाई में वह पति साजन शर्मा के साथ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंची थीं और भगवान महाकाल के दर्शन किए थे। रुद्राभिषेक की तस्वीरें सामने आने के बाद एक बार फिर उनकी धार्मिक आस्था चर्चा में आ गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों की आलोचना के बावजूद अफसाना की पोस्ट को बड़ी संख्या में प्रशंसकों का समर्थन भी मिल रहा है।
अफसाना खान अपनी गायकी के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। वह समय-समय पर अपनी निजी जिंदगी और धार्मिक आस्था से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा करती हैं।

Related News