
नारी डेस्क: बंगाली एक्टर खराज मुखर्जी और उनकी पत्नी प्रतिभा मुखर्जी अभी नेपाल में फंसे हुए हैं। भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ की वजह से उनकी शूटिंग और यात्रा की योजनाएं बाधित हो गईं। यह कपल काम के सिलसिले में पोखरा गया था। वे सुरक्षित हैं, लेकिन तय समय पर घर नहीं लौट पाए हैं। उनके बेटे तमाघना मुखर्जी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके फैंस और परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया है कि वे सुरक्षित हैं।
वीडियो में तमाघना ने बताया कि उन्हें चिंतित फैंस और मीडिया के लोगों के कई कॉल और मैसेज मिले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 27 अगस्त की सुबह उनकी अपने माता-पिता से बात हुई थी और वे दोनों "खतरे से बाहर" हैं। उन्होंने कहा- "मेरे माता-पिता शूटिंग के लिए नेपाल गए थे। मुझे फैंस और मीडिया से कई मैसेज मिले हैं जिनमें पूछा गया है कि वे कैसे हैं। मैं सभी को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि मेरे माता-पिता सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं।" "आज सुबह मेरी उनसे बात हुई। वे शूटिंग के लिए पोखरा में थे और जहां हादसा हुआ, वह जगह वहां से काफी दूर थी। पोखरा से उनकी वापसी की फ्लाइट में देरी हुई और बाढ़ की वजह से शूटिंग भी रुक गई,"
तमाघना ने यह भी बताया कि कपल को असल में 23 अगस्त को लौटना था। लेकिन बाढ़ की वजह से आई रुकावट के कारण उन्हें अपनी योजनाएं बदलनी पड़ीं। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता अब पोखरा से गोरखपुर जा रहे हैं और वहां से कोलकाता के लिए फ्लाइट लेंगे। एक्टर के बेअे ने कहा- " उन्हें 23 अगस्त को लौटना था, लेकिन शूटिंग में रुकावट आने के कारण वे तय समय पर वापस नहीं आ पाए। हालांकि, वे सुरक्षित हैं। जहां तक मुझे पता है, वे अभी पोखरा से गोरखपुर जा रहे हैं, जहां से वे कल, 28 अगस्त को कोलकाता के लिए फ़्लाइट लेंगे। मैं बस सबको भरोसा दिलाना चाहता हूं कि वे सुरक्षित हैं," । खराज मुखर्जी बंगाली और हिंदी सिनेमा का एक जाना-माना चेहरा हैं। यह एक्टर 'एक्सीडेंट', 'मुक्तोधरा' और 'जातिश्वर' जैसी कई बंगाली फ़िल्मों का हिस्सा रहे हैं।