
नारी डेस्क: सोशल मीडिया पर एक अमानवीय हरकत का वीडियो वायरल होने और उस पर लोगों के गुस्से के बाद नेपाल पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बाढ़ में मारे गए और बहकर किनारे आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालता हुआ दिख रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति उसकी मदद कर रहा है। अधिकारियों ने इस हरकत को अस्वीकार्य बताते हुए वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और दोनों को हिरासत में ले लिया। साथ ही यह भी पुष्टि की कि अब मामले की औपचारिक जांच शुरू हो गई है।
नेपाल पुलिस ने वीडियो के साथ एक ट्वीट शेयर किया, जिसमें लिखा था। "मृतक के कान से झुमके चुराने के आरोप में हिरासत में लिए गए लोगों के बारे में..."। पुलिस द्वारा शेयर किए गए वीडियो में घटना का धुंधला फुटेज है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इसमें एक व्यक्ति को नेपाल में आई बाढ़ के दौरान बहकर किनारे आई एक लाश से कान के गहने निकालते हुए देखा जा सकता है। विभाग ने क्लिप में घटना और उसके बाद हुई गिरफ्तारियों के बारे में और जानकारी भी दी।
पुलिस विभाग ने वीडियो में बताया- "इस ऑफ़िस को एक वीडियो मिला है जिसमें एक व्यक्ति अमानवीय हरकत करते हुए दिख रहा है; वह एक मृतक के कान से सोने की बाली चुरा रहा है। भारी भूस्खलन और बाढ़ के बाद भोतेकोशी नदी उस व्यक्ति के शव को बहाकर किनारे ले आई थी।" जांच के बाद, पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान नवलपरासी के किल्ला के रहने वाले 25 साल के मदन गुरुंग के तौर पर की। बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया। एक और व्यक्ति, 38 साल के उमेश चौधरी, जिसे वीडियो में गुरुंग की मदद करते हुए देखा गया था, उसे भी नेपाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया।