31 AUGMONDAY2026 7:19:49 PM
Life Style

जन्माष्टमी पर घर पर बनाएं लड्डू गोपाल की प्यारी पोशाक, बाजार से खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत

  • Edited By Monika,
  • Updated: 30 Aug, 2026 11:56 AM
जन्माष्टमी पर घर पर बनाएं लड्डू गोपाल की प्यारी पोशाक, बाजार से खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत

नारी डेस्क : जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को नई और सुंदर पोशाक पहनाने के लिए बाजार से महंगी ड्रेस खरीदने की जरूरत नहीं है। घर में रखे कपड़े, लेस और सिलाई के सामान की मदद से आप बेहद कम खर्च में कान्हा जी के लिए खूबसूरत ड्रेस तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसे आप अपनी पसंद के रंग और डिजाइन में बना सकती हैं।

पोशाक बनाने के लिए इन सामान की होगी जरूरत

लड्डू गोपाल की ड्रेस बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए आप ये चीजें तैयार रखें
कॉटन या सिल्क का कपड़ा
अस्तर
गोटा-पट्टी या सुंदर लेस
सुई-धागा या सिलाई मशीन
डोरी
कैंची
इंच टेप
मौसम के हिसाब से कपड़े का चुनाव करें। गर्मी के मौसम में हल्का और मुलायम कपड़ा लड्डू गोपाल के लिए ज्यादा आरामदायक रहेगा।

PunjabKesari

सबसे पहले तैयार करें ड्रेस का घेर

सबसे पहले लड्डू गोपाल के साइज के अनुसार कपड़े की एक लंबी पट्टी काट लें। इसके साथ अस्तर लगाकर अच्छी तरह सिलाई करें। अब कपड़े के किनारों पर अपनी पसंद की लेस या गोटा-पट्टी लगा दें। इसके बाद पूरी पट्टी में बराबर दूरी पर छोटी-छोटी प्लेट्स बनाएं और उन्हें ऊपर की तरफ से सिल दें। इससे पोशाक में खूबसूरत घेर आ जाएगा।

घेर में डोरी लगाना न भूलें

अब घेर के ऊपरी हिस्से में नेफा तैयार करें और उसके अंदर डोरी डालें। ध्यान रखें कि डोरी के ऊपर सिलाई न हो, ताकि इसे आसानी से खींचकर लड्डू गोपाल के साइज के अनुसार बांधा जा सके।

PunjabKesari

ऐसे तैयार करें छोटी चोली

चोली बनाने के लिए कपड़े के दो छोटे टुकड़े लें और उन्हें आपस में जोड़ दें। किनारों को फोल्ड करके अच्छी तरह सिलाई करें। इसके बाद चोली को ड्रेस के घेर के बीच वाले हिस्से में मजबूती से जोड़ दें। आप चाहें तो चोली पर भी छोटी लेस, गोटा-पट्टी या सजावटी बॉर्डर लगाकर इसे और खूबसूरत बना सकती हैं।

ड्रेस के साथ बनाएं मैचिंग कैप

लड्डू गोपाल की पोशाक के साथ मैचिंग कैप भी आसानी से तैयार की जा सकती है। इसके लिए कपड़े की एक पतली पट्टी लें और उसमें फ्रिल डालें। अब इसे गोल आकार में सिलकर ऊपर की तरफ धागे की मदद से बंद कर दें। इस तरह घर पर ही लड्डू गोपाल के लिए ड्रेस और मैचिंग कैप तैयार हो जाएगी। इसमें खर्च भी कम आएगा और आप अपनी पसंद के रंग व डिजाइन से कान्हा जी की पोशाक को खास बना सकती हैं।

PunjabKesari

नोट: लड्डू गोपाल की पोशाक बनाते समय कपड़ा मुलायम और आरामदायक रखें। सिलाई, लेस या गोटा-पट्टी का कोई हिस्सा ऐसा न हो जो मूर्ति को खरोंच या असुविधा पहुंचाए।

Related News