
नारी डेस्क : 'द कपिल शर्मा शो' में अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती ने आखिरकार पिछले दो महीनों से सार्वजनिक जीवन और सोशल मीडिया से दूर रहने की वजह बताई है। एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि उन्होंने एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी करवाई है और अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रही हैं।
2 महीने बाद सोशल मीडिया पर लौटीं सुमोना
सुमोना चक्रवर्ती ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए बताया कि पिछले दो महीनों से वह अपनी सेहत पर ध्यान दे रही थीं। उन्होंने लिखा कि वह जानबूझकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहीं ताकि पूरी तरह से शारीरिक और मानसिक रूप से रिकवर हो सकें।

एंडोमेट्रियोसिस की करवाई सर्जरी
सुमोना ने बताया कि 4 मई को उनकी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई। उन्होंने लिखा कि कई वर्षों से वह इस बीमारी को दवाओं और अन्य तरीकों से संभालने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन समय के साथ यह बढ़ती गई। आखिरकार उन्होंने सर्जरी कराने का फैसला लिया। एक्ट्रेस ने अपनी डॉक्टर और मेडिकल टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ उनका इलाज किया, बल्कि मुश्किल समय में उनका पूरा साथ भी दिया।
2021 में किया था बीमारी का खुलासा
सुमोना ने साल 2021 में पहली बार बताया था कि वह स्टेज IV एंडोमेट्रियोसिस से जूझ रही हैं। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत जैसा ऊतक शरीर के अन्य हिस्सों में बढ़ने लगता है, जिससे तेज दर्द, पीरियड्स से जुड़ी समस्याएं और कई अन्य स्वास्थ्य परेशानियां हो सकती हैं।

सोशल मीडिया से दूरी बनाने की वजह भी बताई
अपने पोस्ट में सुमोना ने यह भी लिखा कि एक समय ऐसा आया जब उनका मन हुआ कि वह हमेशा के लिए व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम डिलीट कर दें। हालांकि बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह व्यावहारिक समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि अब वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल अलग तरीके से करना चाहती हैं और खासतौर पर महिलाओं के लिए एक सकारात्मक और सहयोगी कम्युनिटी बनाना चाहती हैं।
ट्रोलिंग पर भी जाहिर किया दर्द
सुमोना ने अपने पोस्ट में सोशल मीडिया पर मिलने वाली ट्रोलिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि उनकी पोस्ट पर अक्सर शरीर को लेकर टिप्पणियां, अभद्र भाषा और अश्लील कमेंट्स किए जाते हैं, जिनमें से अधिकांश पुरुषों की ओर से होते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार उन्होंने सिर्फ तस्वीर साझा करने के बजाय लंबा संदेश इसलिए लिखा, ताकि जो लोग वास्तव में उनसे जुड़ना चाहते हैं, वे उनकी बात को समझ सकें।

एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) क्या है?
एंडोमेट्रियोसिस एक ऐसी बीमारी है जिसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत जैसा ऊतक गर्भाशय के बाहर बढ़ने लगता है। इसके कारण तेज दर्द, अनियमित पीरियड्स, बांझपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। समय पर जांच और सही इलाज से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।