
नारी डेस्क: 2021 की फिल्म 'गॉडज़िला वर्सेस कॉन्ग' और इसके 2024 के सीक्वल 'गॉडज़िला x कॉन्ग: द न्यू एम्पायर' में अपने काम के लिए जानी जाने वाली एक्ट्रेस केली हॉटल का 18 साल की उम्र में कार एक्सीडेंट में निधन हो गया। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के अनुसार, उनके पिता जोशुआ हॉटल ने फेसबुक लाइवस्ट्रीम पर अमेरिकन साइन लैंग्वेज का इस्तेमाल करते हुए यह खबर दी। उन्होंने बताया कि मैरीलैंड में एक कार एक्सीडेंट में उनकी मौत हो गई और वे उनका शव लेने के लिए टेक्सास से जा रहे हैं।

'variety.com' की रिपोर्ट के अनुसार हॉटल और उनके पिता दोनों ही बधिर (सुनने में असमर्थ) हैं और एक ऐसे परिवार से हैं जिसमें कई पीढ़ियों से लोग बधिर रहे हैं। टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ की पोस्ट में लिखा है- "हमें बहुत दुख के साथ यह दिल तोड़ने वाली खबर साझा करनी पड़ रही है कि हमारी TSD सीनियर, केली हॉटल का कल फ्रेडरिक, मैरीलैंड में एक कार एक्सीडेंट में दुखद निधन हो गया।" बयान में आगे कहा गया- "इस बेहद मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं केली के परिवार, दोस्तों, क्लासमेट्स और उन सभी लोगों के साथ हैं जो उन्हें जानते थे और उनसे प्यार करते थे। अभी हमारे पास बहुत सीमित जानकारी है और हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे केली के परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें और एक्सीडेंट से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में कोई भी बात शेयर करने या अटकलें लगाने से बचें।"

केली को 2021 की "गॉडज़िला वर्सेस कॉन्ग" और 2024 की "गॉडज़िला x कॉन्ग: द न्यू एम्पायर" में जिया का किरदार निभाने के लिए सबसे ज्यादा जाना जाता है। वह अमेरिकन साइन लैंग्वेज में माहिर थीं और दोनों "गॉडज़िला" फिल्मों में कॉन्ग के साथ साइन लैंग्वेज के ज़रिए ही बातचीत करती थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत विज्ञापनों से की थी। 2017 में, जब वह 9 साल की थीं, 2021 की फ़िल्म 'गॉडज़िला वर्सेस कॉन्ग' के लिए कास्टिंग डायरेक्टर सारा हैली फिन ने 'जिया' नाम के बहरे किरदार के लिए एक बहरे एक्टर की तलाश शुरू थी और केली इस फिल्म के लिए बिल्कुल सही थी।