नारी डेस्क: गर्मियों का मौसम सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि हमारे दिमाग और नर्वस सिस्टम को भी प्रभावित करता है। तेज गर्मी में अक्सर लोगों को सिरदर्द, चक्कर, थकान और ध्यान लगाने में दिक्कत जैसी समस्याएं होने लगती हैं। कई बार यह असर गंभीर रूप भी ले सकता है, इसलिए इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं है।
गर्मी में दिमाग पर क्या असर पड़ता है?
तेज गर्मी और उमस के कारण शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन हो जाता है, जिसका सीधा असर दिमाग पर पड़ता है। इस स्थिति में व्यक्ति को बार-बार सिरदर्द, चक्कर आना, कन्फ्यूजन और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी महसूस होती है। धीरे-धीरे यह स्थिति ब्रेन फंक्शन को प्रभावित करने लगती है और व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता कमजोर हो सकती है।

एक्सपर्ट क्या कहते हैं?
विशेषज्ञों के अनुसार, ज्यादा गर्मी में पसीना आने से शरीर में पानी के साथ-साथ सोडियम की भी कमी हो जाती है। यह स्थिति खतरनाक हो सकती है, क्योंकि सोडियम का स्तर गिरने से दौरे (seizures) पड़ सकते हैं। गंभीर मामलों में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, जिससे बेहोशी और दिमाग को नुकसान पहुंच सकता है।
किन लोगों को ज्यादा खतरा होता है?
गर्मी का असर हर किसी पर होता है, लेकिन कुछ लोग ज्यादा जोखिम में होते हैं। इसमें बच्चे, बुजुर्ग और वे लोग शामिल हैं जिन्हें पहले से दिमाग या नसों से जुड़ी कोई बीमारी है। इसके अलावा, जो लोग लंबे समय तक धूप में काम करते हैं, जैसे डिलीवरी वर्कर्स या ट्रैफिक पुलिस, उनके लिए यह समस्या और ज्यादा गंभीर हो सकती है। घर के अंदर भी अगर सही वेंटिलेशन या ठंडक की व्यवस्था नहीं हो तो दिमाग पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
ये भी पढ़े: अगर आपको टाइप 1 डायबिटीज है तो पढ़ लें यह रिसर्च, मेमोरी लॉस होने का बड़ा खतरा
किन बीमारियों का खतरा बढ़ता है?
तेज गर्मी कई गंभीर बीमारियों को बढ़ा सकती है। मिर्गी के मरीजों में दौरे बढ़ सकते हैं, जबकि माइग्रेन से पीड़ित लोगों में सिरदर्द ट्रिगर हो सकता है। इसके अलावा, याददाश्त कमजोर होना, ब्रेन फॉग और स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ जाता है। पार्किंसन और अल्जाइमर के मरीजों के लिए भी गर्मी खतरनाक साबित हो सकती है, क्योंकि उनके शरीर की तापमान नियंत्रित करने की क्षमता कमजोर होती है।
कैसे करें बचाव?
गर्मी से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि शरीर को हाइड्रेट रखा जाए। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखें। हल्के और ढीले कपड़े पहनें, ताकि शरीर को ठंडक मिले। कोशिश करें कि तेज धूप में बाहर न निकलें और अगर निकलना पड़े तो सिर को ढककर रखें। लंबे समय तक गर्मी में रहने से बचना भी जरूरी है।

गर्मी को हल्के में लेना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यह केवल थकान या प्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि दिमाग और नर्वस सिस्टम पर भी गहरा असर डाल सकती है। सही सावधानियां अपनाकर और शरीर का ध्यान रखकर आप इन खतरों से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।