
नारी डेस्क: अपने तो अपने ही होते हैं इनसे ज्यादा देर नाराज नहीं रहा जा सकता। गोविंदा और उनके भांजे कृष्णा अभिषेक के बीच का मनमुटाव अब खत्म हो गया। गोविंदा की पत्नी सुनीता अहूजा की कृष्णा और कश्मीरा शाह को लेकर जो नाराजगी थी अब वह खत्म हो गई है। रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ' के सेट पर मामी सुनीता ने दोनों को ना सिर्फ गले लगाया बल्कि यह भी कहा कि 14 साल का वनवास अब खत्म हो गया है।
शो के लेटेस्ट एपिसोड में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा बतौर गेस्ट शामिल हुईं। ऐसे में उन्होंने मीडिया के सामने कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह को गले लगा लिया। पैपराजी के सामने पोज देते हुए कश्मीरा ने सुनीता का हाथ हाथ में लिया और कहा कि हमारी ‘धुरंधर’ वापस लौटी हैं। इस दौरान सुनीता कहती हैं कि 14 साल का वनवास खत्म हो गया तो कश्मीरा मजाक में कहती हैं कि अब किसी और का शुरु हाे गया है।
दरअसल इन दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से नाराजगी चल रही थी। सुनीता अहूजा अपनी नंनद के परिवार से इस कदर नाराज थी कि वह भांजी आरती सिंह की शादी के एक भी फंक्शन में शामिल नहीं हुई थी। याद हो कि कश्मीरा ने सालों पहले गोविंदा और सुनीता को लेकर कहा था कि वो दोनों उनकी लाइफ में पिछले पांच साल से एग्जिस्ट ही नहीं करते। कश्मीरा ये भी बोली थीं कि वो एक्टर की पत्नी के तौर पर नहीं पहचानी जाती हैं बल्कि उन्होंने अपने दम पर अपना मुकाम हासिल किया है। ये सुनीता कौन है? इसी बयान के बाद सुनीता ने भी अपना रिएक्शन दिया था। एक बार गोविंदा ने कहा था कि हर परिवार में गलतफहमियां और समस्याएं होती हैं लेकिन मीडिया में उसकी चर्चा करने से नुकसान होता है।