
नारी डेस्क: जहां एक तरफ उत्तर भारत में गर्मी ने हाल बेहाल कर दिया है तो वहीं दूसरी तरफ जम्मू कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार तड़के ताजा बर्फबारी हुई जबकि मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में सीमावर्ती गुरेज क्षेत्र, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज़ोजिला दर्रा और सोनमर्ग में बर्फबारी हुई।

घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार देर रात गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश की वजह से बांदीपोरा जिले में एक सड़क को गंभीर नुकसान पहुंचा, जबकि आसपास के कई घरों में पानी और कीचड़ घुस गया। बारिश के कारण इलाके में जलभराव और कीचड़ होने से आवागमन बाधित हो गया।

इस बारिश और बर्फबारी की वजह से कश्मीर में गर्म हवा जैसी परिस्थितियों से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ एक या दो बार बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 25 मई तक दोपहर से पहले (सुबह के समय) मौसम आमतौर पर शुष्क रह सकता है, जबकि दोपहर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।