01 JUNMONDAY2026 10:45:54 AM
Life Style

ट्रेन पर भीषण आत्मघाती हमला, 23 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 24 May, 2026 12:13 PM
ट्रेन पर भीषण आत्मघाती हमला, 23 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

नारी डेस्क:  पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। क्वेटा के पास चमन फाटक इलाके में एक यात्री ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार धमाका किया गया। इस हमले में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 53 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ट्रेन गुजरते समय हुआ जोरदार विस्फोट

जानकारी के अनुसार, यह धमाका उस वक्त हुआ जब एक यात्री ट्रेन चमन फाटक के पास से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के बेहद करीब ही संदिग्ध आत्मघाती हमला किया गया, जिससे विस्फोट की तीव्रता और नुकसान दोनों बढ़ गए। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका दहल उठा और ट्रेन के कई डिब्बों को नुकसान पहुंचा।

मौके पर मची अफरा-तफरी, राहत कार्य शुरू

धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बल और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेर लिया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, घायलों की संख्या लगातार बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं और कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: Sonam Kapoor -आनंद आहूजा ने लंदन में खरीदी 270 करोड़ की आलीशान Property

सुनियोजित हमले की आशंका

प्रारंभिक जांच में अधिकारियों ने इसे एक सुनियोजित और सोची-समझी साजिश करार दिया है। माना जा रहा है कि हमलावरों ने ट्रेन के गुजरने के समय को पहले से तय कर रखा था ताकि ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। हालांकि, फिलहाल किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं।

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम भी मौके से सबूत जुटा रही है ताकि धमाके की प्रकृति और जिम्मेदारों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि यह हमला बेहद गंभीर है और इसके पीछे की साजिश का जल्द ही खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।

  

 

Related News