
नारी डेस्क: केरल के वायनाड जिले के एक स्कूल के दो छात्र शिगेलोसिस से संक्रमित पाए गए हैं। यह शिगेला बैक्टीरिया से होने वाला आंतों का एक बहुत तेजी से फैलने वाला संक्रमण है। संक्रमित पाए गए बच्चों में साढ़े चार साल का एक लड़का और पांच साल की एक लड़की शामिल है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 339 लोगों में इस संक्रमण से जुड़े लक्षण देखे गए हैं। इनमें से 21 लोगों का इलाज मुख्यालय अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें: शेफाली जरीवाला की मौत से दुखी पराग त्यागी पहुंचे श्मशान घाट
संक्रमण से एक बच्ची की हुई मौत
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, कुल 339 लोगों में संक्रमण के लक्षण दिखे हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभी किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है। लैब में जांच के लिए कुल 21 सैंपल भेजे गए थे। अब तक दो सैंपल की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है, जबकि बाकी 19 सैंपल की रिपोर्ट का इंतज़ार है। इससे पहले रविवार को, केरल के कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में शिगेला संक्रमण का इलाज करा रही चार साल की एक बच्ची की मौत हो गई। थलाकुलथुर की रहने वाली नीला नाम की इस मरीज़ को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और डॉक्टरों ने शुक्रवार को शिगेला बैक्टीरिया के संक्रमण की पुष्टि की थी।
इस बीमारी से हुई थी 2 लाख लोगों की जान
शिगेला बैक्टीरिया से शिगेलोसिस होता है जो आंतों का एक संक्रमण है और इससे आमतौर पर दस्त और बुखार होता है। हालांकि यह संक्रमण आमतौर पर हल्का होता है और अपने आप ठीक हो जाता है, लेकिन पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे मरीज़ों में यह गंभीर जटिलताएं पैदा कर सकता है। ये बैक्टीरिया दूषित पानी या बासी खाने के ज़रिए शरीर में घुसते हैं और बड़ी आंत (कोलन) की अंदरूनी परत (एपिथेलियल लाइनिंग) पर असर डालते हैं, जिससे कोशिकाओं में सूजन आ जाती है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइज़ेशन (WHO) के अनुसार, 2016 में सभी उम्र के लोगों में दस्त से होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण शिगेला था। यह दस्त का मुख्य बैक्टीरियल कारण भी था, जिससे लगभग 2,12,000 मौतें हुईं और दस्त से जुड़ी कुल मौतों में इसकी हिस्सेदारी लगभग 13 प्रतिशत थी।
यह भी पढ़ें: तेज गर्मी muscle को कर देती है कमजाेर, सबसे ज्यादा तकलीफ झेलते हैं पैर के पंजे
सात दिनों तक रहता है संक्रमण
US CDC के अनुसार, शिगेलोसिस के लक्षण आमतौर पर संक्रमण के एक या दो दिन बाद शुरू होते हैं और सात दिनों तक रहते हैं। शिगेलोसिस से पीड़ित ज़्यादातर लोगों को दस्त (जो खूनी हो सकते हैं या लंबे समय तक, यानी तीन दिन से ज़्यादा चल सकते हैं), बुखार, पेट दर्द या पेट खाली होने पर भी मल त्यागने की ज़रूरत महसूस होने जैसे लक्षण होते हैं। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और संक्रमण को और फैलने से रोकने के लिए हालात पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है।