29 JULWEDNESDAY2026 1:50:31 AM
Nari

High Uric Acid में नॉनवेज खाना चाहिए या नहीं? जानिए किन चीजों से बढ़ सकता है खतरा

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 24 Jun, 2026 10:46 AM
High Uric Acid में नॉनवेज खाना चाहिए या नहीं? जानिए किन चीजों से बढ़ सकता है खतरा

नारी डेस्क: आज के समय में हाई यूरिक एसिड की समस्या केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई है। बदलती लाइफस्टाइल, गलत खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवा भी इस समस्या का सामना कर रहे हैं। शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर यह धीरे-धीरे जोड़ों में जमा होने लगता है, जिससे दर्द, सूजन और गठिया (गाउट) जैसी परेशानियां पैदा हो सकती हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या हाई यूरिक एसिड से पीड़ित लोगों को नॉनवेज खाना चाहिए या इससे पूरी तरह दूरी बना लेनी चाहिए? इस विषय पर विशेषज्ञों की राय जानना बेहद जरूरी है।

आखिर क्यों बढ़ता है यूरिक एसिड?

दिल्ली स्थित PSRI हॉस्पिटल की सीनियर डाइटिशियन पूनम दुनेजा के अनुसार, यूरिक एसिड शरीर में प्यूरीन नामक पदार्थ के टूटने से बनता है। सामान्य परिस्थितियों में किडनी इस अतिरिक्त यूरिक एसिड को फिल्टर करके शरीर से बाहर निकाल देती है। हालांकि जब शरीर में यूरिक एसिड का उत्पादन जरूरत से ज्यादा होने लगे या किडनी इसे प्रभावी तरीके से बाहर न निकाल पाए, तब इसका स्तर बढ़ने लगता है। प्यूरीन कई खाद्य पदार्थों में प्राकृतिक रूप से पाया जाता है, जिनमें कई प्रकार के नॉनवेज फूड्स भी शामिल हैं। यही वजह है कि यूरिक एसिड के मरीजों को अपने खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

PunjabKesari

क्या हाई यूरिक एसिड में नॉनवेज खाना सुरक्षित है

विशेषज्ञों का कहना है कि सभी प्रकार के नॉनवेज फूड्स को एक ही श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। कुछ नॉनवेज पदार्थों में प्यूरीन की मात्रा बहुत अधिक होती है, जबकि कुछ अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाते हैं। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि हाई यूरिक एसिड के मरीजों को हर प्रकार का नॉनवेज पूरी तरह छोड़ देना चाहिए। हालांकि सही विकल्प चुनना बेहद जरूरी है।

इन नॉनवेज फूड्स से बना लें दूरी

हाई यूरिक एसिड के मरीजों को उन खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए जिनमें प्यूरीन की मात्रा अधिक होती है। इनमें मुख्य रूप से रेड मीट, ऑर्गन मीट (जैसे लीवर और किडनी) तथा कुछ समुद्री मछलियां शामिल हैं। सार्डिन, एन्कोवी और कुछ अन्य सीफूड्स में प्यूरीन का स्तर काफी ज्यादा होता है। इनके अधिक सेवन से शरीर में यूरिक एसिड तेजी से बढ़ सकता है, जिससे जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या गंभीर हो सकती है।

ये भी पढ़ें:  रात में बार-बार यूरिन आने को न करें इग्नोर, जानिए किन बीमारियों का हो सकता है संकेत

अंडा और चिकन कितने सुरक्षित हैं

अच्छी बात यह है कि अंडे में प्यूरीन की मात्रा बेहद कम होती है। यही कारण है कि इसे हाई यूरिक एसिड वाले लोगों के लिए एक सुरक्षित और बेहतर प्रोटीन स्रोत माना जाता है। इसके अलावा सीमित मात्रा में बिना ज्यादा तेल और मसालों के बना चिकन भी कई मामलों में सुरक्षित माना जाता है। हालांकि इसकी मात्रा और सेवन की आवृत्ति व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार तय की जानी चाहिए।

PunjabKesari

यूरिक एसिड कंट्रोल करने के लिए अपनाएं ये जरूरी आदतें

सिर्फ नॉनवेज से परहेज करना ही पर्याप्त नहीं है। यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए जीवनशैली और खानपान दोनों में सुधार जरूरी है। विशेषज्ञ रोजाना 3 से 4 लीटर पानी पीने की सलाह देते हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर में जमा अतिरिक्त यूरिक एसिड बाहर निकलने में मदद मिलती है। इसके अलावा ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और लो-फैट डेयरी उत्पादों को नियमित आहार में शामिल करना फायदेमंद माना जाता है।

किन चीजों से करना चाहिए परहेज

यूरिक एसिड के मरीजों को ज्यादा मीठे पेय पदार्थ, शुगर से भरपूर खाद्य पदार्थ और अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनानी चाहिए। ये चीजें शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को बढ़ाने में योगदान दे सकती हैं और स्थिति को और गंभीर बना सकती हैं। लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारीविशेषज्ञों का कहना है कि हर व्यक्ति में यूरिक एसिड बढ़ने का कारण और उसकी गंभीरता अलग-अलग हो सकती है। यदि बार-बार जोड़ों में दर्द, सूजन या चलने-फिरने में परेशानी महसूस हो रही है, तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

समय रहते डॉक्टर से जांच करवाना और उचित उपचार लेना बेहद जरूरी है। लापरवाही की स्थिति में यह समस्या गाउट, किडनी स्टोन और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।
  
 

 
 

Related News