
नारी डेस्क: बिग बॉस 13 के चर्चित एक्स कपल आसिम रियाज और हिमांशी खुराना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला दोनों के रिश्ते में आए धार्मिक मतभेदों से जुड़ा है। हाल ही में हिमांशी ने एक पॉडकास्ट में अपने और आसिम के पुराने रिश्ते को लेकर बात की थी। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा शुरू हो गई थी। अब आसिम रियाज ने भी इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है और सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर कर अपना पक्ष रखा है।
आसिम ने आरोपों को किया खारिज
आसिम रियाज ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की। हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में हिमांशी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके जवाब को हिमांशी के हालिया बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। आसिम ने साफ कहा कि उन्होंने कभी किसी से अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दे को किसी के खिलाफ नफरत पैदा करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

‘धर्म को हथियार की तरह इस्तेमाल न करें’
आसिम ने अपने नोट में कहा कि धर्म बेहद निजी और संवेदनशील विषय है। उनका कहना था कि किसी निजी मामले को लोगों के बीच नफरत की वजह बनाना सही नहीं है। उन्होंने इस तरह के आरोपों को लेकर कहा कि अटेंशन पाने के लिए इस स्तर तक जाना उन्हें गलत लगता है। आसिम ने अपनी पोस्ट में हिमांशी की फिटनेस को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ रहने के दौरान उन्होंने ही हिमांशी को फिटनेस के लिए प्रेरित किया था।
आसिम ने पारस छाबड़ा पर भी साधा निशाना
आसिम रियाज ने अपनी पोस्ट में पॉडकास्ट होस्ट पारस छाबड़ा पर भी निशाना साधा। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि दूसरों की निजी जिंदगी और पुराने रिश्तों पर चर्चा करने के बजाय लोगों को अपने ऊपर ध्यान देना चाहिए। आसिम ने पारस पर तंज कसते हुए उन्हें ज्यादा समय जिम में बिताने की सलाह तक दे डाली। उन्होंने यह भी कहा कि सालों पुराने रिश्ते और निजी बातें दोबारा खंगालकर गॉसिप तैयार करना उस व्यक्ति के बारे में ज्यादा बताता है जो ऐसा कर रहा है।
ये भी पढ़ें: रात में रोज 3 बजे उठकर यूरिन आना क्या Normalहै? जानिए कारण
हिमांशी ने पॉडकास्ट में क्या कहा था
पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब हिमांशी खुराना हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में पहुंचीं। बातचीत के दौरान उन्होंने आसिम के साथ अपने पुराने रिश्ते और ब्रेकअप के पीछे रहे धार्मिक मतभेदों पर खुलकर बात की। हिमांशी ने कहा था कि वह इसे सीधे तौर पर धर्म परिवर्तन नहीं कहेंगी। उनके मुताबिक, उनके पार्टनर अपने धर्म की अच्छी बातें उन्हें बताते थे और चाहते थे कि वह उन्हें समझें और स्वीकार करें। हालांकि, हिमांशी ने कहा कि वह ऐसा करने के लिए तैयार नहीं थीं।
धर्म को लेकर क्या महसूस करती थीं हिमांशी
हिमांशी के मुताबिक, उस समय उनके सामने अपने विश्वास और रिश्ते के बीच एक तरह का मानसिक द्वंद्व पैदा हो गया था। उन्होंने अपनी धार्मिक पहचान को लेकर भी सवाल उठने की बात कही थी। बाद में उनके बयान के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद धर्म परिवर्तन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, हिमांशी ने खुद इस स्थिति को सीधे ‘धर्मांतरण’ कहने से इनकार किया था।

ब्रेकअप के बाद फिर चर्चा में आया पुराना रिश्ता
आसिम रियाज और हिमांशी खुराना की मुलाकात बिग बॉस 13 के दौरान हुई थी। शो के बाद दोनों का रिश्ता काफी समय तक चर्चा में रहा। दिसंबर 2023 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया था और उस समय भी धार्मिक मतभेदों को ब्रेकअप की वजहों में से एक बताया गया था। अब कई साल बाद दोनों के रिश्ते से जुड़ी पुरानी बातें एक बार फिर सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हिमांशी के बयान के बाद जहां लोग उनकी बात पर चर्चा कर रहे थे, वहीं अब आसिम के जवाब ने इस विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है। आसिम ने अपने ताजा बयान में अपना पक्ष साफ कर दिया है। वहीं, हिमांशी पहले ही इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बहस को ‘storm in a teacup’ यानी छोटी बात को जरूरत से ज्यादा बड़ा मुद्दा बनाने जैसा बता चुकी हैं।