
नारी डेस्क : कॉमेडियन कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ के घर गणेश चतुर्थी का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके पर बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारे पहुंचे। पंजाबी सिंगर और बिग बॉस 15 की एक्स कंटेस्टेंट अफसाना खान भी अपने पति साज के साथ इस सेलिब्रेशन का हिस्सा बनीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी झलकियां भी शेयर कीं, लेकिन पोस्ट सामने आते ही कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
कपिल शर्मा के घर गणपति सेलिब्रेशन में पहुंचीं अफसाना
अफसाना खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गणपति सेलिब्रेशन का एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह अपने पति और सिंगर-म्यूजिक प्रोड्यूसर साज के साथ नजर आईं। एक तस्वीर में दोनों कपिल शर्मा और गिन्नी चतरथ के साथ पोज देते हुए दिखाई दिए। वीडियो में अफसाना सिंगर मीका सिंह के साथ भी नजर आईं। मीका जहां ढोलक बजाते दिखे, वहीं अफसाना चम्मच से ताल देती हुईं नजर आईं। इसके अलावा वह सेलिब्रेशन में मौजूद दूसरे मेहमानों के साथ भी तस्वीरें खिंचवाती दिखीं।
अफसाना ने बप्पा के लिए लिखा खास मैसेज
गणपति उत्सव की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए अफसाना खान ने भगवान गणेश के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि गणपति बप्पा सभी के जीवन में खुशियां, प्यार और सुख-समृद्धि लेकर आएं। उन्होंने हर घर में खुशहाली और सभी के स्वस्थ रहने की कामना भी की। अफसाना ने कपिल शर्मा और गिन्नी चतरथ के घर बिताई शाम को यादगार बताया। उन्होंने मीका सिंह के घर गणपति बप्पा के दर्शन का भी जिक्र किया और इस पूरे दिन को खूबसूरत यादों से भरा बताया।
धार्मिक पहचान को लेकर कुछ यूजर्स ने किया ट्रोल
अफसाना खान के पोस्ट पर जहां कई लोगों ने उन्हें प्यार और शुभकामनाएं दीं, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल उठाए। कुछ कमेंट्स में उन्हें ‘शर्म आनी चाहिए’ जैसी बातें कही गईं। वहीं कुछ लोगों ने उनके पुराने विवादों का जिक्र करते हुए भी उन्हें निशाना बनाया। एक यूजर ने आरोप लगाते हुए लिखा कि वह पहले ‘पाप’ करती हैं और फिर भगवान की पूजा करती हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
कुछ यूजर्स ने किया अफसाना का बचाव
हालांकि, सोशल मीडिया पर हर कोई अफसाना को ट्रोल करने के पक्ष में नहीं था। कई यूजर्स ने उनका बचाव किया और कहा कि किसी दूसरे धर्म के त्योहार में शामिल होना गलत नहीं है। कुछ लोगों ने ट्रोल करने वालों से पुरानी बातों को दोबारा सामने न लाने की अपील भी की। दरअसल, अफसाना का गणपति सेलिब्रेशन में शामिल होना एक तरफ जहां उनके फैंस को पसंद आया, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर उनकी धार्मिक पहचान को लेकर बहस छिड़ गई। इस पूरे मामले ने एक बार फिर दिखाया कि सेलेब्स की निजी तस्वीरें और धार्मिक आयोजनों में उनकी मौजूदगी किस तरह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाती है।