14 SEPMONDAY2026 1:02:51 PM
Nari

इस गणेश चतुर्थी Try करें कुछ नया, Chocolate से बनाएं गणपति बप्पा की प्यारी सी इको-फ्रेंडली मूर्ति

  • Edited By Priya Yadav,
  • Updated: 14 Sep, 2026 11:52 AM
इस गणेश चतुर्थी Try करें कुछ नया, Chocolate से बनाएं गणपति बप्पा की प्यारी सी इको-फ्रेंडली मूर्ति

 नारी डेस्क: गणेश चतुर्थी पर हर साल लोग बाजार से गणपति बप्पा की मूर्ति खरीदकर घर लाते हैं और पूरे विधि-विधान से उनकी स्थापना करते हैं। लेकिन अगर इस बार आप कुछ नया और क्रिएटिव करना चाहते हैं, तो क्यों न बप्पा की मूर्ति अपने हाथों से ही तैयार की जाए? इस गणेश चतुर्थी आप घर पर चॉकलेट से गणपति बप्पा की एक खूबसूरत और अनोखी मूर्ति बना सकते हैं। यह आइडिया बच्चों को भी काफी पसंद आएगा। खास बात यह है कि चॉकलेट से बनी मूर्ति को विसर्जन के बाद प्रसाद के तौर पर बच्चों में बांटा जा सकता है। इस तरह गणपति उत्सव का आनंद लेने के साथ पर्यावरण का भी ध्यान रखा जा सकता है। तो चलिए जानते हैं कि घर पर चॉकलेट गणपति बनाने के लिए आपको क्या करना होगा और किस तरह इस मूर्ति को तैयार किया जा सकता है।

चॉकलेट गणपति बनाने के लिए जरूरी चीजें

इस मूर्ति को बनाने के लिए आपको डार्क चॉकलेट, कॉर्न सिरप और सजावट के लिए नारियल का बुरादा, बादाम आदि की जरूरत पड़ेगी। साथ ही मूर्ति को आकार देने के लिए एक बेस बोर्ड और बारीक डिजाइन के लिए टूथपिक भी रख लें।

PunjabKesari

सबसे पहले तैयार करें चॉकलेट का डो

सबसे पहले डार्क चॉकलेट को चाकू की मदद से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। चॉकलेट जितनी बारीक कटी होगी, उसे पिघलाना उतना ही आसान रहेगा। अब चॉकलेट को माइक्रोवेव-सेफ बाउल में डालकर करीब 15 से 30 सेकंड के लिए माइक्रोवेव करें। चॉकलेट जब लगभग 80 फीसदी पिघल जाए तो उसे बाहर निकाल लें। बची हुई चॉकलेट को हल्के हाथों से चलाएं। इससे बाकी चॉकलेट भी धीरे-धीरे पिघल जाएगी। दूसरी तरफ कॉर्न सिरप को भी करीब 5 से 10 सेकंड के लिए हल्का गर्म कर लें। कोशिश करें कि चॉकलेट और कॉर्न सिरप का तापमान लगभग एक जैसा रहे। अब गर्म कॉर्न सिरप को पिघली हुई चॉकलेट में डालें और कुछ देर तक अच्छी तरह मिलाते रहें। थोड़ी देर बाद आपको महसूस होगा कि चॉकलेट गाढ़ी होने लगी है और उसकी चमक भी कम हो रही है। यहां एक बात का ध्यान रखना जरूरी है। मिश्रण को जरूरत से ज्यादा न चलाएं। जैसे ही यह गाढ़ा होने लगे और चॉकलेट तेल छोड़ने से पहले की स्थिति में हो, मिक्स करना बंद कर दें। अब इस मिश्रण को कमरे के तापमान पर करीब 4 से 5 घंटे के लिए छोड़ दें।

डो को अच्छी तरह गूंथें

4 से 5 घंटे बाद चॉकलेट के मिश्रण को निकालकर अच्छी तरह गूंथ लें। शुरुआत में यह थोड़ा सख्त लग सकता है, इसलिए गूंथते समय थोड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। जब डो में अच्छी चिकनाहट आ जाए तो इसे पेपर रैप में लपेट दें। इसके बाद इसे दोबारा करीब 4 से 5 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। जब आपको गणपति की मूर्ति बनानी हो, तो डो को फ्रिज से निकालकर कुछ देर कमरे के तापमान पर रख दें। इससे यह थोड़ा नरम हो जाएगा और इसे आकार देना आसान रहेगा।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  गणेश उत्सव पर एक्ट्रेसेस के ये लुक करें कॉपी, मिलेगा परफेक्ट फेस्टिव अंदाज

इस तरह बनाएं गणपति बप्पा की मूर्ति

अब मूर्ति बनाने का काम शुरू करें। इसके लिए सबसे पहले एक बेस बोर्ड लें, जिस पर गणपति की मूर्ति को रखा जा सके। चॉकलेट डो से करीब 2 x 2.5 इंच की चौकी बनाएं, जिसकी ऊंचाई लगभग 2 इंच हो। इसे बेस बोर्ड पर अच्छी तरह सेट कर दें। इसके बाद डो का एक हिस्सा लेकर गोल बॉल जैसा आकार दें। इससे गणपति बप्पा का पेट तैयार करें और इसे चौकी के ऊपर रख दें। अब दो छोटे हिस्से लेकर भगवान गणेश के मुड़े हुए पैर बनाएं, ताकि बप्पा बैठे हुए नजर आएं।

हाथ और मोदक बनाएं

हाथ बनाते समय एक हाथ को आशीर्वाद देने वाली मुद्रा में रखें, जबकि दूसरे हाथ को इस तरह बनाएं कि उसमें मोदक रखा जा सके। इसके बाद चॉकलेट डो का छोटा सा हिस्सा लेकर उससे एक मोदक बना लें और उसे बाएं हाथ पर रख दें। अगर मूर्ति का कोई हिस्सा आपस में चिपक नहीं रहा है तो थोड़ी सी पिघली हुई चॉकलेट को ग्लू की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।

चेहरा, सूंड और कान ऐसे बनाएं

अब एक गोल चॉकलेट बॉल बनाकर उससे गणपति जी का चेहरा तैयार करें। इसी डो से सूंड बनाकर चेहरे के साथ जोड़ दें। कान बनाने के लिए डो की दो बराबर गोलियां लें। उन्हें एक तरफ से हल्का दबाकर चपटा कर दें और फिर सिर के दोनों तरफ लगा दें। अब बप्पा के सिर पर पगड़ी बनाने की बारी है। इसके लिए चॉकलेट डो का एक पतला और लंबा हिस्सा बनाएं, बिल्कुल नूडल जैसी पट्टी की तरह। इसे सिर के चारों ओर लपेटकर पगड़ी का आकार दें। पगड़ी को और सुंदर बनाने के लिए उस पर फूल जैसी डिजाइन बना सकते हैं। चाहें तो नारियल और बादाम की मदद से भी इसकी सजावट कर सकते हैं।

PunjabKesari

टूथपिक से दें चेहरे की बारीक डिटेलिंग

मूर्ति को थोड़ा और खूबसूरत बनाने के लिए टूथपिक का इस्तेमाल करें। इससे आंखों और सूंड पर हल्की-हल्की लाइन बनाकर डिटेलिंग दी जा सकती है।
चौकी को भी खाली न छोड़ें। इसके लिए चॉकलेट डो की दो पतली पट्टियां बनाएं और उन्हें आपस में ट्विस्ट कर लें। अब इन पट्टियों को चौकी के चारों तरफ किनारों पर लगा दें। गणपति बप्पा के कपड़ों को सजाने के लिए नारियल के बुरादे का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे मूर्ति को एक अलग और खूबसूरत लुक मिलेगा।

बस, अब आपका चॉकलेट से बना इको-फ्रेंडली गणपति बप्पा तैयार है। इस तरह आप बाजार से मूर्ति लाने के बजाय परिवार के साथ मिलकर घर पर ही बप्पा की एक अनोखी मूर्ति बना सकते हैं। बच्चों के लिए भी यह एक मजेदार और क्रिएटिव एक्टिविटी हो सकती है। विसर्जन के बाद चॉकलेट को प्रसाद के रूप में बांटकर इस खास गणेश चतुर्थी को और भी यादगार बनाया जा सकता है।
 
 
 
 

Related News