नारी डेस्क: मां बनने के करीब एक साल बाद परिणीति चोपड़ा ने आखिरकार खुद के लिए थोड़ा वक्त निकाला है। एक्ट्रेस इन दिनों मालदीव में छुट्टियां एन्जॉय कर रही हैं। उन्होंने अपनी इस ट्रिप की कई खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। धूप, समुद्र, बीच पर नंगे पैर घूमना और सुकून भरी सुबहों के बीच परिणीति का ये वेकेशन काफी रिलैक्सिंग नजर आ रहा है। खास बात ये है कि एक्ट्रेस ने जिस लग्जरी रिसॉर्ट को अपने 'मी टाइम' के लिए चुना है, वहां एक रात ठहरने की कीमत करीब 2 लाख रुपये तक पहुंचती है।
जोआली मालदीव में ठहरीं परिणीति
परिणीति ने मालदीव के जोआली मालदीव में अपने स्टे की झलकियां शेयर की हैं। 15 सितंबर को इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्होंने बताया कि वह इस ट्रिप में लग्जरी और आराम दोनों का भरपूर मजा लेना चाहती थीं। एक्ट्रेस ने लिखा कि वह लग्जरी में डूबना चाहती थीं और खूब लाड़-प्यार चाहती थीं। उनके मुताबिक, जोआली मालदीव ने उन्हें बिल्कुल वैसा ही अनुभव दिया। उन्होंने रिसॉर्ट के लगभग हर पहलू की तारीफ की और इसे मालदीव के सबसे शानदार विला वाले स्थानों में से एक बताया। परिणीति ने रिसॉर्ट के डिजाइन, खूबसूरत आइलैंड और स्टाफ की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि यहां का स्टाफ इतना ध्यान रखने वाला था कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे हर कोई सिर्फ उनकी जरूरतों का ख्याल रखने के लिए मौजूद हो। इस पूरे अनुभव ने उन्हें एक तरफ 'रानी' जैसा महसूस कराया तो दूसरी तरफ एक छोटी बच्ची जैसा भी, जो बस अपनी छुट्टी एन्जॉय कर रही हो।

रोज एक आइसक्रीम खाने का बनाया प्लान
परिणीति के इस वेकेशन में खाने-पीने का भी खास हिस्सा रहा। अपनी ट्रैवल वीडियो में उन्होंने मजाकिया अंदाज में 'एक वनीला स्कूप' को अपने डेली ट्रैवल प्लान में शामिल किया। यानी छुट्टी के दौरान रोज एक आइसक्रीम का मजा लेना भी उनकी लिस्ट में था।
क्या खास है जोआली मालदीव में?
जोआली मालदीव कोई साधारण बीच रिसॉर्ट नहीं है। यह खुद को एक आर्ट-बेस्ड लग्जरी आइलैंड रिसॉर्ट के तौर पर पेश करता है। इसे इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स और स्थानीय लोगों की मदद से डिजाइन किया गया है। रिसॉर्ट में मालदीव की स्थानीय कला और कारीगरी की झलक भी देखने को मिलती है। यह रिसॉर्ट उत्तरी मालदीव के मुरावंधू आइलैंड पर स्थित है। इसके आसपास समुद्री जीवन भी काफी समृद्ध है। यहां कोरल, समुद्री कछुए और मंटा रे जैसे समुद्री जीव देखे जा सकते हैं। रिसॉर्ट में कुल 73 बड़े कमरे और विला हैं। इनमें प्राइवेट वॉटर विला और बीच विला शामिल हैं और सभी में पूल की सुविधा दी गई है। मेहमान अपनी जरूरत के हिसाब से एक, दो, तीन या चार बेडरूम वाले विला चुन सकते हैं। ऐसे में यह जगह कपल्स के साथ-साथ परिवार और बड़े ग्रुप के लिए भी अलग-अलग तरह के विकल्प देती है। यहां मेहमानों को एक 'मैजिशियन' भी दिया जाता है, जो उनके पूरे स्टे को खास और यादगार बनाने में मदद करता है।

धीमी सुबह और खूबसूरत सूर्यास्त का लिया मजा
परिणीति की इस ट्रिप का मकसद सिर्फ घूमना-फिरना नहीं, बल्कि कुछ समय खुद के साथ बिताना था। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें नंगे पैर बीच पर घूमना, रिलैक्सिंग मसाज लेना, पानी में समय बिताना और अच्छा खाना काफी पसंद आया। अपनी छुट्टी की दिनचर्या बताते हुए एक्ट्रेस ने इसे 'धीमी सुबह, आलस भरी दोपहर और खूबसूरत सूर्यास्त' वाला समय बताया। परिणीति ने अपनी इस ट्रिप को 'मी टाइम' के लिए परफेक्ट बताया। उन्होंने खुद को 'वॉटर बेबी' भी कहा और बताया कि आसपास का समुद्र उनके लिए इस छुट्टी का सबसे बड़ा आकर्षण था। उनके मुताबिक, समुद्र को देखकर उनके अंदर का वॉटर बेबी पूरी तरह मंत्रमुग्ध हो गया।

एक रात के लिए खर्च करने पड़ते हैं करीब 2 लाख रुपये
अब बात करें इस लग्जरी रिसॉर्ट की कीमत की तो यहां ठहरना हर किसी के बजट में नहीं है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, चुनिंदा एडवांस परचेज ऑफर के साथ हाफ बोर्ड के लिए यहां एक विला की कीमत करीब 2,376 अमेरिकी डॉलर प्रति रात से शुरू होती है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2 लाख रुपये बैठती है।
हालांकि, कीमत विला की कैटेगरी, यात्रा की तारीख और उपलब्धता के हिसाब से बदल सकती है। इसके अलावा टैक्स और दूसरे शुल्क अलग से लागू हो सकते हैं। परिणीति के लिए यह मालदीव ट्रिप सिर्फ एक लग्जरी छुट्टी नहीं, बल्कि लंबे समय बाद खुद को थोड़ा समय देने का मौका भी थी। उनकी तस्वीरों में समुद्र, सुकून और इस खूबसूरत आइलैंड की झलक साफ नजर आ रही है।