नारी डेस्क: आजकल बालों की देखभाल के लिए हेयर स्पा काफी पसंद किया जाता है। यह सिर्फ बालों को धोने और कंडीशनर लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें स्कैल्प मसाज, डीप कंडीशनिंग और स्टीम जैसे स्टेप्स भी शामिल होते हैं। इससे बालों को एक्स्ट्रा केयर मिलती है और ड्राई व बेजान बालों में सॉफ्टनेस और चमक लाने में मदद मिल सकती है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए हर बार सैलून जाने की जरूरत नहीं है। कुछ बेसिक चीजों की मदद से आप घर पर भी हेयर स्पा कर सकती हैं। अगर बाल बहुत ज्यादा रूखे, उलझे हुए या बेजान नजर आ रहे हैं तो आप अपनी जरूरत के हिसाब से हेयर स्पा कर सकती हैं। आमतौर पर लोग इसे करीब 25 दिन या महीने में एक बार करते हैं, लेकिन बालों की जरूरत हर व्यक्ति में अलग हो सकती है।
हेयर स्पा के लिए किन चीजों की जरूरत होगी?
घर पर हेयर स्पा करने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए आपके पास चौड़े दांतों वाली कंघी, 2-3 साफ तौलिया, हेयर क्लिप्स, शावर कैप, स्पा क्रीम, डीप कंडीशनिंग हेयर मास्क, माइल्ड शैंपू और गर्म पानी के लिए एक बड़ा बर्तन होना चाहिए।सारा सामान पहले से तैयार रख लें, ताकि स्पा के दौरान आपको बार-बार उठना न पड़े।
पहला स्टेप- बालों को अच्छी तरह साफ करें
सबसे पहले बालों को माइल्ड शैंपू से अच्छी तरह धो लें। इससे बालों और स्कैल्प पर जमा गंदगी और एक्स्ट्रा ऑयल साफ हो जाएगा और आगे लगाए जाने वाले प्रोडक्ट्स बालों पर बेहतर तरीके से काम कर पाएंगे। बाल धोने के बाद उन्हें तौलिये से हल्के हाथों से सुखाएं। बालों को पूरी तरह ड्राई न करें। हेयर स्पा के अगले स्टेप के लिए बालों में हल्की नमी रहना जरूरी है।
दूसरा स्टेप- स्पा क्रीम लगाएं
अब चौड़े दांतों वाली कंघी से बालों को धीरे-धीरे सुलझा लें। इसके बाद बालों को छोटे-छोटे सेक्शन में बांट लें और एक-एक करके स्पा क्रीम लगाएं। क्रीम को बालों की लंबाई पर अच्छी तरह लगाएं। अगर प्रोडक्ट को स्कैल्प पर लगाने की सलाह दी गई हो, तभी स्कैल्प पर लगाएं। इसके बाद उंगलियों की मदद से हल्की मसाज करें। बहुत जोर से रगड़ने से बचें। क्रीम लगाने के बाद बालों को शावर कैप से ढक दें और कुछ देर के लिए छोड़ दें।
तीसरा स्टेप- बालों को दें स्टीम
अब एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें। इसमें एक साफ तौलिया भिगोकर सावधानी से निचोड़ लें। तौलिया इतना गर्म न हो कि स्कैल्प या त्वचा जलने लगे। हल्के गर्म तौलिये को बालों के चारों ओर लपेट लें। इससे बालों को हल्की स्टीम मिलेगी। इस प्रक्रिया को करीब 3-4 बार दोहराया जा सकता है। हर बार तौलिये का तापमान जरूर चेक करें।
चौथा स्टेप- करें डीप कंडीशनिंग
स्टीम देने के बाद बालों को पानी से धो लें। इसके बाद डीप कंडीशनिंग हेयर मास्क लगाएं। इसे बालों पर करीब 20-25 मिनट तक रहने दें। आप अपनी पसंद के अनुसार तैयार डीप कंडीशनिंग मास्क का इस्तेमाल कर सकती हैं। घर पर बने मास्क में दही, शहद या एवोकाडो जैसी चीजों का इस्तेमाल भी किया जाता है। हालांकि, किसी भी चीज को स्कैल्प पर लगाने से पहले यह जरूर देख लें कि उससे आपको एलर्जी या जलन तो नहीं होती। इसके बाद बालों को अच्छी तरह धो लें। जरूरत लगे तो माइल्ड शैंपू से बाल साफ कर सकती हैं।
आखिरी स्टेप- बालों को आराम से सुखाएं
बाल धोने के बाद उन्हें तौलिये से जोर-जोर से रगड़कर सुखाने की बजाय हल्के हाथों से पानी सोखें। बालों को प्राकृतिक तरीके से सूखने देना बेहतर है। गीले बालों में तुरंत कंघी करने या ज्यादा हीट देने से बचें।इस तरह कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप घर पर ही हेयर स्पा कर सकती हैं। खासकर ड्राई और बेजान बालों में यह रूटीन बालों को सॉफ्ट और मैनेजेबल बनाने में मदद कर सकता है। अगर स्कैल्प पर कोई समस्या, घाव या इंफेक्शन है तो हेयर स्पा करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहेगा।