
नारी डेस्क : बच्चों की अच्छी सेहत के लिए उनकी साफ-सफाई और हाइजीन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। इसमें ओरल हाइजीन यानी दांतों और मुंह की सफाई भी शामिल है। अक्सर माता-पिता सोचते हैं कि दूध के दांत तो कुछ साल बाद टूट ही जाएंगे, इसलिए उनकी सफाई पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है। लेकिन ऐसा करना बच्चों के दांतों की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। दूध के दांतों में सड़न होने से दर्द, संक्रमण और खाना खाने में परेशानी हो सकती है। इसलिए बच्चे के पहले दांत निकलने से ही उसकी ओरल हाइजीन की आदत बनाना जरूरी है। आइए जानते हैं कि किस उम्र में बच्चों के दांतों की सफाई कैसे करनी चाहिए।
बच्चे का पहला दांत निकलते ही शुरू करें सफाई
आमतौर पर बच्चों के पहले दांत करीब 6 महीने की उम्र में निकलने शुरू होते हैं, हालांकि कुछ बच्चों में यह प्रक्रिया पहले या बाद में भी शुरू हो सकती है। जैसे ही बच्चे का पहला दांत दिखाई दे, उसकी सफाई शुरू कर दें। इसके लिए छोटे सिर वाले, मुलायम ब्रिसल्स वाले बेबी टूथब्रश और चावल के दाने के बराबर फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। दांतों के साथ मसूड़ों की भी धीरे-धीरे सफाई करें।

1 से डेढ़ साल के बच्चों के दांतों की सफाई कैसे करें?
इस उम्र में बच्चे के दांतों की सफाई के लिए मुलायम ब्रिसल्स वाले छोटे टूथब्रश का इस्तेमाल करें। बच्चे के दांतों को दिन में दो बार ब्रश करवाएं, खासकर रात को सोने से पहले। इस दौरान फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट की मात्रा चावल के दाने के बराबर ही रखें। बच्चे को टूथपेस्ट निगलने से बचाने के लिए ब्रश करते समय हमेशा उसके साथ रहें।
18 महीने से 6 साल तक के बच्चों के लिए कितनी मात्रा में टूथपेस्ट जरूरी?
18 महीने की उम्र के बाद भी 6 साल तक बच्चों के दांत साफ करने के लिए चावल के दाने के बराबर फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट पर्याप्त होता है। इस उम्र में बच्चे खुद से सही तरीके से ब्रश करना नहीं सीख पाते, इसलिए माता-पिता को उनकी मदद करनी चाहिए। बच्चों को टूथपेस्ट थूकना सिखाएं और उसे निगलने से बचाएं। फ्लोराइड दांतों के इनेमल को मजबूत बनाने और दांतों में सड़न का खतरा कम करने में मदद करता है।

6 साल के बाद बच्चों को कैसे करवाएं ब्रश?
6 साल की उम्र के बाद बच्चे धीरे-धीरे खुद ब्रश करना सीख सकते हैं। हालांकि, माता-पिता को उनकी ब्रश करने की आदत पर नजर रखनी चाहिए। इस उम्र में आमतौर पर मटर के दाने के बराबर फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट इस्तेमाल किया जा सकता है। टूथपेस्ट में फ्लोराइड की मात्रा और बच्चे की जरूरत के अनुसार डेंटिस्ट की सलाह लेना बेहतर है। ध्यान रखें कि दूध के दांत टूटने के बाद निकलने वाले स्थायी दांतों की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।
बच्चों की ओरल हाइजीन के लिए इन बातों का रखें ध्यान
दिन में दो बार ब्रश करवाएं: सुबह और रात को सोने से पहले दांत साफ करने की आदत डालें।
टूथब्रश मुलायम रखें: बच्चों के लिए छोटे सिर और सॉफ्ट ब्रिसल्स वाला टूथब्रश चुनें।
टूथपेस्ट की मात्रा सीमित रखें: 3 साल से कम उम्र में चावल के दाने जितना और 3 से 6 साल की उम्र में मटर के दाने जितना फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट इस्तेमाल करें।
मीठी चीजों का सेवन सीमित करें: बार-बार मीठे स्नैक्स, कैंडी और मीठे पेय लेने से दांतों में सड़न का जोखिम बढ़ सकता है।
नियमित डेंटल चेकअप करवाएं: बच्चे के दांतों में दर्द, सफेद या भूरे धब्बे अथवा सड़न के संकेत दिखें, तो डेंटिस्ट से संपर्क करें।
ओरल हाइजीन बहुत जरूरी है
टूथब्रश से दांतों को साफ करने के साथ ही बच्चों के मुंह की सफाई के लिए जीभ की क्लीनिंग भी जरूरी है। टंग क्लीनर की मदद से जीभ को जरूर साफ करें। बच्चा अगर छोटा है तो मुलायम कपड़े की मदद से जीभ को साफ करें। इससे मुंह की बैक्टीरिया साफ हो जाएगी।