15 SEPTUESDAY2026 5:35:53 PM
Nari

गणेश जी को क्यों प्रिय है लाल सिंदूर, पौराणिक कथा में छिपा है रहस्य

  • Edited By Monika,
  • Updated: 15 Sep, 2026 05:42 PM
गणेश जी को क्यों प्रिय है लाल सिंदूर, पौराणिक कथा में छिपा है रहस्य

नारी डेस्क : गणेश पूजा में लाल सिंदूर चढ़ाने की परंपरा सदियों पुरानी मानी जाती है। भगवान गणेश को दूर्वा, मोदक और लाल सिंदूर विशेष रूप से प्रिय बताया गया है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि गणपति जी को लाल सिंदूर ही क्यों अर्पित किया जाता है? इसके पीछे गणेश पुराण से जुड़ी एक रोचक पौराणिक कथा बताई जाती है, जिसका संबंध सिंदूरासुर नामक असुर से है।

गणेश पुराण में क्या है सिंदूरासुर की कथा?

गणेश पुराण के क्रीड़ा खंड में सिंदूरासुर से जुड़ी कथा का वर्णन मिलता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, सिंदूरासुर एक शक्तिशाली और अत्याचारी असुर था। उसके शरीर का रंग लाल सिंदूर के समान होने के कारण उसका नाम सिंदूरासुर पड़ा। कथा के अनुसार, जब उसके अत्याचार बढ़ने लगे तो भगवान गणेश ने उसका सामना किया। दोनों के बीच भयंकर युद्ध हुआ और अंत में गणेश जी ने सिंदूरासुर का वध कर दिया। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसके बाद गणेश जी ने सिंदूरासुर के रक्त और लाल रंग को अपने शरीर पर धारण किया। तभी से लाल सिंदूर को गणपति जी से जोड़कर देखा जाने लगा और इसे उन्हें प्रिय माना गया।

PunjabKesari

गणेश जी को सिंदूर चढ़ाने की क्या मान्यता है?

धार्मिक मान्यताओं में गणेश जी को सिंदूर अर्पित करना शुभ माना जाता है। माना जाता है कि इससे भगवान गणेश प्रसन्न होते हैं और भक्त के जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करने में सहायता मिलती है। विवाह, संतान और कार्यों में सफलता से जुड़े कई धार्मिक उपायों में भी गणेश जी को सिंदूर चढ़ाने का उल्लेख मिलता है। 

यें भी पढ़ें : घर में आएगी सुख-शांति! गणेश चतुर्थी पर करें ये आसान उपाय, दूर होगा घर का क्लेश

गणेश जी को सिंदूर चढ़ाने की विधि

सुबह स्नान करने के बाद स्वच्छ वस्त्र पहनकर पूजा स्थान पर बैठें। भगवान गणेश की प्रतिमा के सामने दीपक जलाएं और सबसे पहले उन्हें दूर्वा अर्पित करें। इसके बाद श्रद्धापूर्वक गणेश जी के मस्तक पर सिंदूर अर्पित करें।
सिंदूर चढ़ाते समय इस मंत्र का जाप किया जाता है
“सिन्दूरं शोभनं रक्तं सौभाग्यं सुखवर्धनम्।
शुभदं कामदं चैव सिन्दूरं प्रतिगृह्यताम्॥”
इसके बाद गणेश जी को मोदक या अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग लगाएं और आरती करें।

PunjabKesari

क्यों खास माना जाता है लाल सिंदूर?

हिंदू धार्मिक परंपरा में लाल रंग को शुभता, शक्ति और मंगल का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि गणेश पूजा में लाल सिंदूर का विशेष स्थान बताया गया है। गणपति जी को सिंदूर अर्पित करना भक्तों के लिए श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है।

Related News