
नारी डेस्क: अनुभवी एक्ट्रेस और BJP सांसद हेमा मालिनी ने ‘हनुमान अंश’ की सफलता की तारीफ़ की और फिल्म को सुपरहिट बताया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने इसकी सफलता को भगवान हनुमान का आशीर्वाद बताया। हेमा ने प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर की भी तारीफ की, जिन्होंने फिल्म बनाने का कोई अनुभव न होने के बावजूद इस प्रोजेक्ट को सपोर्ट किया। फिल्म प्रोडक्शन की दुनिया में नई होने के बावजूद, नागर ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया, जिसे अब दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। हेमा ने फिल्म की सफलता के लिए प्रोड्यूसर और पूरी टीम को बधाई दी।

‘शोले’ की एक्ट्रेस ने कहा- “यहां हनुमान और नीम करोली बाबा का मंदिर है। मैं हमेशा वहां जाती हूं और आज मैं बहुत खुश हूं कि उन पर एक फिल्म बनी है, यह सुपरहिट हो गई है। यह हनुमान जी की कृपा है, मैं आपको बता दूं। जिस किसी ने भी यह फिल्म प्रोड्यूस की है, वह एक आम, सीधी-सादी लड़की है। उसे यह भी नहीं पता कि फिल्म बनाना क्या होता है लेकिन उसके योगदान की वजह से यह इतनी अच्छी बनी है। हर कोई इसे देखने के लिए उत्सुक है। मैं भी इसे देखना चाहती हूं।” ‘हनुमान अंश’ को प्रीति जिंटा, फिल्ममेकर आदित्य धर और वरुण धवन समेत कई सेलिब्रिटीज से तारीफ मिल रही है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपनी भक्ति-भाव वाली थीम और भगवान हनुमान व नीम करोली बाबा के चित्रण के कारण बॉलीवुड हस्तियों का ध्यान खींचा है।

थिएटर में ‘हनुमान अंश’ देखने के बाद प्रीति ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया शेयर की और अपने फ़ॉलोअर्स से बड़े पर्दे पर फिल्म देखने का आग्रह किया। डॉ. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन और प्रोडक्शन में बनी फिल्म "हनुमान अंश" से शोभिनव सत्या बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। इसमें वे नीम करौली बाबा की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में चंदन आनंद, निखिल दुबे, उदयसिंह राजपूत, पूर्णिमा तिवारी और मनीष चौधरी भी अहम भूमिकाओं में हैं। अनुप्रिया ए. नागर द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म "हनुमान अंश" 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।